रास्ता रोककर करते थे लूट, फरार आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2022-06-22 06:06 GMT

बिलासपुर। कोनी क्षेत्र में एक महीने पहले हुए लूट के मामले में फरार एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई है। मामले में एक आरोपित पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। वहीं, एक आरोपित की तलाश की जा रही है। कोनी थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि 18 मई को सेमरताल में रहने वाले मुकेश खरे ने लूट की शिकायत की थी। पीड़ित ने बताया कि 17 मई को शादी में शामिल होने के लिए मस्तूरी क्षेत्र के लिमतरा गया था।

वहां से अपने दोस्त के साथ घर लौट रहे थे। रात तीन बजे वे बिरकोना के पास पहुंचे थे। इसी बीच बाइपास में बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोककर मारपीट की। इसके बाद उनका मोबाइल लूटकर भाग निकले। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी। इसी बीच साइबर सेल से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने सरकंडा क्षेत्र में रहने वाले राजेंद्र साहू को लूट के मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपित से पूछताछ में मिली जानकारी के बाद पुलिस बहतराई अटल आवास में रहने वाले विजय सिंह ठाकुर(24) और उसके साथी राजवीर की तलाश कर रही थी। मंगलवार को सूचना मिली कि आरोपित विजय अपने घर आया है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई है। वहीं, राजवीर की तलाश की जा रही है।


Tags:    

Similar News