नेता प्रतिपक्ष को लेकर जबरदस्त खींचतान

रायपुर नगर निगम.

Update: 2025-04-29 15:38 GMT
रायपुर: रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष को लेकर कंट्रोवर्सी चल रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आकाश तिवारी को पार्टी की ओर से नेता प्रतिपक्ष घोषित किया है, लेकिन रायपुर निगम संदीप साहू को ही नेता प्रतिपक्ष मानती है।
दरअसल, मंगलवार को निगम में सामान्य सभा का विशेष सत्र बुलाया गया। जिसमें आकाश तिवारी नहीं पहुंचे। बल्कि संदीप साहू ही विपक्षी दल के नेता के रूप में सदन में अपनी बात रखते नजर आए। वहीं, संदीप साहू ने कहा कि, गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण करूंगा।
कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चुनने की प्रक्रिया है। उस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद प्रदेश के सभी नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की सूची जारी की गई। उसे विधिवत नगर निगम को भेजा गया है।
रायपुर निगम में भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी मंत्री मलकीत सिंह गैदू ने सूचित किया है। इस पर नगर निगम को कार्रवाई करनी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। इसलिए निगम को उन्हें ही नेता प्रतिपक्ष नियुक्ति करना चाहिए।
धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से पत्राचार के संबंध में मुझे जानकारी नहीं है। मुझे जानकारी मिली है कि, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री ने नगर निगम को पत्र लिखा है। मुझे लगता है कि आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष का दायित्व देना चाहिए।
पूरे मसले पर कहा मिस-अंडरस्टैंडिंग हुई है। इस पूरे विषय को संगठन गंभीरता से ले रहा है। कहीं कोई दिक्कत नहीं होगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिसे नेता प्रतिपक्ष चुना है। निश्चित तौर पर नगर निगम को उन्हें जिम्मेदारी देनी चाहिए।
दरअसल, नगर निगम बजट के पहले शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया था। इसके लिए लेटर भी जारी कर दिया गया था। संदीप का दावा है कि, उनकी नियुक्ति PCC की पर्यवेक्षक प्रतिमा चंद्राकर की मौजूदगी में सभी पार्षदों और विधायकों से चर्चा के बाद हुई थी।
बाकायदा पीसीसी के पर्यवेक्षक प्रतिमा चंद्राकर ने सभी छाया पार्षदों और विधायकों से चर्चा करने के बाद उनके नाम का ऐलान किया गया था। पार्षद दल का नेता चुनने के लिए चुने हुए नेताओं से भी बात की, फिर नगर निगम आयुक्त और महापौर को लेटर भी भेजा गया था।
संदीप साहू ने कहा कि, कल गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण करूंगा। इसलिए अभी नगर निगम कार्यालय में मैं नेता प्रतिपक्ष की सीट में नहीं बैठ रहा हूं। पदभार ग्रहण की तैयारी चल रही है। नगर निगम की ओर से मुझे कमरा भी अलॉट किया गया है। लेटर पैड भी जारी किया गया है।
16 अप्रैल को कांग्रेस की ओर से 10 नगर निगमों के नेता प्रतिपक्ष और उप नेता प्रतिपक्ष के नामों की नई लिस्ट जारी की गई थी। इसमें रायपुर से आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष और जयश्री नायक को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। इससे पार्टी के भीतर भी नाराज़गी देखी गई थी और साहू समाज के लोगों ने भी कांग्रेस भवन जाकर विरोध किया था।
चुनाव के वक्त जब कांग्रेस ने आकाश तिवारी को टिकट नहीं दिया, तो उन्होंने बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत गए। तब पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया था। लेकिन अब पार्टी उन्हें वापस लेकर नेता प्रतिपक्ष बना रही है। यही बात अब कांग्रेस के अंदर कई सवाल और कन्ट्रोवर्सी खड़ी हो गई है।
Tags:    

Similar News

null