रायगढ़ के जंगलों में बाघ की आमद से हड़कंप, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की छाल रेंज के घने जंगलों में बाघ की मौजूदगी के संकेत मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। इससे पहले हाथियों के उत्पात से परेशान ग्रामीण अब बाघ की संभावित आमद से दहशत में आ गए हैं। धर्मजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हाटी, बोजिया और आसपास के जंगलों में ग्रामीणों द्वारा बाघ जैसे बड़े शिकारी वन्यप्राणी के पदचिह्न देखे जाने की सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद विभाग हरकत में आ गया।
वन विभाग ने प्रारंभिक जांच में बाघ की उपस्थिति की पुष्टि की है और इसके साथ ही छाल रेंज के कई इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। स्थानीय लोगों को जंगलों की ओर अकेले न जाने और सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी गई है। विभाग ने बताया कि बाघ की गतिविधियों की निगरानी के लिए कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं, ताकि उसकी मूवमेंट को स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड किया जा सके।
डरे-सहमे ग्रामीण, जंगल जाना बंद
छाल रेंज के अंतर्गत आने वाले बोजिया, औरानारा, साम्हरसिघा, कोरिया नाला सहित कई गांवों के निवासी बाघ की खबर से भयभीत हैं। इन क्षेत्रों के मवेशी चराने वाले चरवाहों ने जंगल की ओर जाना बंद कर दिया है। वहीं, खेतों में अकेले काम करने वाले किसान अब समूह में ही जाने की कोशिश कर रहे हैं। बच्चों को भी घर से दूर न भेजने की हिदायतें ग्रामीण परिवारों में दी जा रही हैं।
हाथियों के बाद बाघ की चिंता
गौरतलब है कि यह क्षेत्र पहले से ही हाथियों की सक्रियता के लिए जाना जाता रहा है। हाथियों के झुंड अक्सर ग्रामीण इलाकों में उत्पात मचाते रहे हैं, जिससे फसलें बर्बाद होती रही हैं और जान-माल का नुकसान भी हुआ है। अब बाघ जैसे शिकारी वन्यजीव की मौजूदगी ने लोगों की चिंता को दोगुना कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले वे दिन में भी जंगलों की ओर जाने से डरते थे, अब रात के समय तो घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
वन विभाग की अपील और तैयारियां
वन विभाग ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगल के पास या भीतर अकेले न जाएं, बच्चों को बाहर खेलने से रोकें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या वन्यजीव की उपस्थिति की सूचना तत्काल नजदीकी वनकर्मी या विभागीय कार्यालय को दें। छाल रेंज के रेंजर ने बताया कि – "बाघ की मौजूदगी के प्रमाण मिलते ही हमने तत्काल कैमरा ट्रैप लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। वन अमले को इलाके में गश्त के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। यदि बाघ की लगातार गतिविधि दर्ज होती है, तो इसे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।"