रामानुजनगर में बंद मकान से लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए आरोपी

छग

Update: 2026-04-10 18:00 GMT
Surajpur. सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, कौशलपुर निवासी विनोद उपाध्याय अपने परिवार के साथ एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घर पर ताला लगा होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित विनोद उपाध्याय ने बताया कि जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से करीब चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका था।

चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। भागते समय उनकी गतिविधियां पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं, जिसमें वे मोटरसाइकिल से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यह फुटेज जांच में अहम सुराग साबित हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस टीम इलाके में लगातार सर्चिंग कर रही है और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Tags:    

Similar News