सांकेतिक तस्वीर (AI)

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। सनौद थाना क्षेत्र के पलारी गांव में चोर ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 2 लाख रुपए की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय पूरा परिवार दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने बालोद गया हुआ था। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति बाहर निकलता दिखाई दिया है।
अंतिम संस्कार में गया था परिवार
पलारी निवासी गजेन्द्र कुमार साहू (41) ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी दादी बिंझवारीन बाई साहू का 6 अक्टूबर को निधन हो गया था। इसके बाद 7 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे वे परिवार के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने बालोद चले गए। इस दौरान मकान में कोई मौजूद नहीं था।
मोबाइल पर CCTV फुटेज देखकर हुआ शक
9 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे गजेन्द्र ने अपने मोबाइल पर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज धुंधली थी, लेकिन उसमें एक संदिग्ध व्यक्ति घर से बाहर निकलता दिखाई दिया। इसके बाद कैमरा बंद हो गया। संदेह होने पर गजेन्द्र ने पड़ोसी त्रिवेन्द्र साहू को फोन कर घर की स्थिति देखने के लिए कहा। जब त्रिवेन्द्र मकान पहुंचे तो सामने के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
50 हजार नकद और डेढ़ लाख का रानीहार चोरी
पड़ोसी से जानकारी मिलने के बाद गजेन्द्र अपनी पत्नी देवंतीन बाई के साथ सुबह करीब 8 बजे घर पहुंचे। सामान की जांच करने पर 50 हजार रुपए नकद, डेढ़ लाख रुपए कीमत का रानीहार और सोने-चांदी के अन्य आभूषण गायब मिले। घटना की जानकारी त्रिवेन्द्र साहू, मनीष कुमार साहू, चैतराम साहू और जितेन्द्र कुमार साहू को भी दी गई। गजेन्द्र ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले संदिग्ध की पहचान संबंधी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
Tags: