व्यापारी के सूने मकान से लाखों की चोरी, केस दर्ज

छग

Update: 2023-03-27 15:54 GMT
बिलासपुर। कोटा के लोरमी रोड में रहने वाले व्यवसायी के मकान में धावा बोलकर चोरों ने जेवर और नकदी समेत आठ लाख स्र्पये का माल ले उड़े। सुबह तीन बजे व्यवसायी की पत्नी जागी तो कमरे में सामान बिखरा हुआ था। इससे उन्हें चोरी की आशंका हुई। उन्होंने परिवार के सदस्यों को जगाकर इसकी जानकारी दी। व्यवसायी ने घटना की शिकायत कोटा थाने में की है। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। कोटा के लोरमी रोड में रहने वाले संदीप अग्रहरि(43) व्यवसायी हैं। वे घर में ही किराना दुकान का संचालन करते हैं। इसके साथ ही वे एलआइसी और डाकघर के भी एजेंट हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार की रात 11 बजे खाना खाने के बाद वे परिवार के साथ सोने चले गए। इससे पहले उन्होंने मकान के सभी दरवाजों को बंद कर दिया था। सुबह करीब तीन बजे व्यवसायी की पत्नी रीना अग्रहरि नींद से जागी। इस दौरान उनके बगल के कमरे का दरवाजा खुला था। कमरे के अंदर सामान बिखरा हुआ था। इससे उन्हें चोरी की आशंका हुई। उन्होंने आवाज देकर अपने पति को जगाया।
इसके बाद पति-पत्नी कमरे में गए। कमरे में व्यवसायी की आलमारी से चोरों ने 60 हजार, पोस्ट आफिस के वसूली की रकम 90 हजार, पत्नी की आलमारी से 20 हजार रुपए, उनकी मां की आलमारी से 15 हजार स्र्पये, पूजा के सिक्के चार हजार, दुकान के 25 हजार स्र्पये गायब थे। इसके साथ ही सोने के तीन मंगलसूत्र, सोने की तीन अंगूठी, सोने का झुमका, सोने की चार चेन, चांदी का करधन, चांदी की पायल, चांदी का कड़ा, चांदी का छल्ला, एक किलो चांदी के सिक्के गायब थे। व्यवसायी ने तत्काल घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। साथ ही पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इस पर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। व्यवसायी ने अपने मकान में सीसीटीवी लगवा रखे हैं। पुलिस की टीम ने इसका फुटेज लिया है। इसमें दो संदेही मकान के आसपास घूमते दिख रहे हैं। इसमें एक युवक ने अपने चेहरे को सफेद गमछे से ढक रखा है। वहीं, एक युवक का चेहरा अस्पष्ट है। पुलिस ने फुटेज को आसपास के सभी थानों में भेज दिया है। इसके अलावा आसपास के गांव में फुटेज भेजकर संदेहियों की पहचान की जा रही है। व्यवसायी ने बताया कि रविवार की रात वे मकान के सभी दरवाजों को अच्छी तरह से बंद करने के बाद सोने के लिए गए। इसके बाद चोरों ने मकान के पीछे के दरवाजे में छेद कर दिया। इसके सहारे उन्होंने हाथ अंदर डालकर दरवाजा खोला। पुलिस ने चोरों के हुलिए के आधार पर आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
Tags:    

Similar News