बकरी-बकरों की चोरी, दीवार छेद कर ले जाने वाले चोर पकड़ाए

छग

Update: 2026-03-20 07:28 GMT

बिलासपुर। चोरों ने किसान के कोठे की दीवार में सेंध लगाकर 37 बकरी-बकरों की चोरी कर ली। चोरों ने दीवार में बड़ा छेद किया और एक-एक कर सभी बकरों को बाहर निकाला। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में एक युवक छेद के रास्ते बकरों को बाहर निकालते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने बुधवार को गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने चार बकरों को काटकर करीब 4 हजार रुपए में बेच दिया था।

फिलहाल पुलिस बाकी बकरी-बकरों और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। यह मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है। दरअसल ग्राम सेंवार निवासी मुकेश वर्मा (27) किसान है। वह धान मंडी के पास स्थित अपने प्लॉट पर बकरी-बकरा पालन करता है, जिन्हें रखने के लिए प्लॉट में कोठा बनाया गया था। 15 मार्च की शाम करीब 7 बजे वह रोज की तरह ताला लगाकर अपने पुराने घर चला गया। रात में पड़ोसी संतोष रजक ने कॉल कर बताया कि कोठे की दीवार में छेद हो गया है और अंदर बकरियां नहीं दिख रही हैं। सूचना मिलते ही मुकेश अपने पिता धन्नूलाल के साथ मौके पर पहुंचा। जांच करने पर पता चला कि 37 बकरी-बकरे गायब हैं।

वारदात की जानकारी फौरन पुलिस को दी गई। शिकायत में 37 बकरी-बकरों की चोरी बताई गई, लेकिन पुलिस ने केवल 17 की चोरी का मामला दर्ज किया।


Tags:    

Similar News