सिक्यूरिटी आफिसर के घर से चोरी, थाने में शिकायत दर्ज

छग

Update: 2023-05-24 15:13 GMT
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के मोपका रामकृष्ण नगर में रहने वाले निजी कंपनी के सिक्यूरिटी आफिसर के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने सोने के जेवर और नकद 40 हजार रुपये पार कर दिए। दूसरे दिन लौटने पर सिक्यूरिटी आफिसर को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जांजगीर-चांपा जिले के हेडसपुर में रहने वाले राजू राय तिफरा स्थित निजी कंपनी में सिक्यूरिटी आफिसर हैं। वे मोपका के रामकृष्ण नगर में किराए के मकान में रहते हैं। रविवार की शाम वे परिवार को लेकर गृहग्राम चले गए। दूसरे दिन सुबह 11 बजे वे अकेले लौटकर आए। यहां से वे अपनी ड्यूटी पर चले गए।
काम के बाद वे शाम को घर लौटे। जरूरी सामान रखने के बाद उन्होंने मकान की चाबी चौकीदार को दी। इसके बाद वे अपने गृहग्राम लौट गए। बुधवार की सुबह वे परिवार को लेकर घर आए। इस दौरान उनके मकान का ताला टूटा था। दरवाजा खोलकर वे अंदर गए तो कमरे में सामान बिखरा हुआ था। ताला तोड़कर घुसे चोरों ने आलमारी का लाकर तोड़कर नकद 40 हजार, सोने का हार, सोने की माला, सोने की अंगुठी, कान के टाप्स, बाली, चांदी की पायल पार कर दिए थे। उन्होंने इसकी जानकारी फोन पर मकान मालिक को दी। इसके बाद घटना की शिकायत सरकंडा थाने में की है। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
Tags:    

Similar News