पान दुकान में चोरी: दो शातिर चोर गिरफ्तार

छग

Update: 2026-01-20 16:30 GMT
Raigarh. रायगढ़। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा नगर स्थित सलमान पान पैलेस में हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई सामग्री, नकद और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है। घटना दिनांक 08 जनवरी 2026 की रात हुई थी। इंदिरा नगर निवासी अली रजा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता जाकीर अली द्वारा मोहल्ले में सलमान पान पैलेस संचालित की जाती है। रात लगभग 11:20 बजे दुकान बंद कर घर लौटे थे। अगले दिन जब दुकान खोली गई तो ताला टूटा हुआ मिला, अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गल्ला भी टूटा हुआ था। चोरी गई सामग्री में राजश्री गुटखा का कट्टा, बड़ी सिगरेट, रजनीगंधा, अन्य गुटखा सामग्री तथा लगभग 10,000 रुपये नकद शामिल थे।
रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 18/2026, धारा 331(4) और 305 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रामभांठा जयस्तंभ चौक के पास दो युवक राजश्री गुटखा और सिगरेट की थोक बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, जहां पुलिस को देखकर युवक भागने लगे। घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने प्रेम टण्डन (18 वर्ष) और मनीष जाटवर उर्फ विक्की (22 वर्ष) अपने नाम स्वीकार किए। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 08 जनवरी की रात इंदिरा नगर हनुमान मंदिर के सामने पान दुकान का ताला तोड़कर गुटखा, सिगरेट, सिक्के और लगभग 5,000 रुपये नकद चोरी किए। टूटे ताले और लोहे का रॉड राजश्री की बोरी में भरकर स्कूटी से घर ले गए, जबकि कुछ गुटखा और सिगरेट पुरी की ट्रेन में बेच दी और चोरी की नकदी से ओडिशा में घूमने-फिरने में खर्च किया।
पुलिस ने आरोपी प्रेम टण्डन से 53 पैकेट राजश्री गुटखा (कीमत करीब 13,000 रुपये), एक मुड़ा हुआ लोहे का रॉड, दो टूटे ताले और नीले रंग की स्कूटी (CG 13 BG 0582) जब्त किया। वहीं मनीष जाटवर उर्फ विक्की से लगभग 6,000 रुपये मूल्य की गुटखा सामग्री बरामद की गई। दोनों आरोपियों को 20 जनवरी 2026 को थाना कोतवाली रायगढ़ से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया। इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत, आरक्षक मनोज पटनायक, कमलेश यादव और जगन्नाथ साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags:    

Similar News