बलौदाबाजार। नारधा की चर्चित महिला पटवारी, जिस पर अपने पति को दफ्तर में बिठाकर किसानों से रिश्वत वसूलने के आरोप लगे थे, अब एक और कार्रवाई का सामना कर रही है। इस मामले में जिला प्रशासन के निलंबन के बाद, अब पटवारी संघ ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए उसकी सदस्यता समाप्त कर दी है। संघ के पदाधिकारियों ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

महिला पटवारी रितेश तंवर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह अपने पति के जरिए रिश्वत लेते हुए नजर आ रही थी। इस वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और उसे निलंबित कर दिया गया।

पटवारी संघ ने अपने निर्णय में स्पष्ट किया है कि इस घटना से प्रशासन और संघ की छवि धूमिल हुई है। संघ का मानना है कि रितेश तंवर ने अपने कर्तव्यों का दुरुपयोग किया और जनता तथा किसानों के हितों की अनदेखी की, जो संघ के नियमों के खिलाफ है। इसी आधार पर संघ ने उसकी सदस्यता समाप्त करने का निर्णय लिया।

Tags: