बच्चे की ज़िद ने घर वालों को भी बना डाला पर्यावरण प्रेमी

Update: 2022-07-11 11:24 GMT

बिलासपुर। मात्र छ्ह साल के अद्विक मिश्रा को पौधरोपण का जुनून सवार है। जिस उम्र में बच्चे खेल खिलौनों की ज़िद करते हैं अद्विक ने अपने घर वालों को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित कर सकारात्मक मिसाल पेश की है। घर के आसपास जहां कहीं भी पौधरोपण होता है अद्विक की उपस्थिति आम बात है। जरहाभाठा निवासी दीपक औऱ शीला मिश्रा का सुपुत्र अद्विक बचपन से ही पर्यावरण के प्रति शौकीन रहा है। उसकी माता शीला बताती हैं कि बचपन में ही घिसटते अद्विक बाग बगीचे के पास चला जाता था और घण्टों पेड़ पौधों को निहारा करता था।

खेल खिलौनों में उसकी कतई दिलचस्पी नहीं रही औऱ घर वालों को भी साथ जाने की ज़िद करने लगा। यही कारण है कि उसका परिवार पर्यावरण के प्रति बेहद गम्भीर है। अद्विक घर वालों से ज़िद करता है कि पेड़ पौधे नहीं लगाएंगे तो हमें ऑक्सीजन कहाँ से मिलेगी और हम सब मर जाएंगे। वह स्कूल के साथियों को भी पर्यावरण के लिए जागृत करता है। पेड़ पौधे लगाने के बाद अद्विक बकायदा अपने परिवार के साथ हर हफ्ते उन्हें देखने भी जाता है।

Tags:    

Similar News