दुकानदार को आबकारी टीम ने जबरन धमकाया, बेटी के साथ भी मारपीट करने का लगाया आरोप

छग

Update: 2025-11-10 07:26 GMT

बिलासपुर। शराब केस में फंसाने की धमकी देकर आबकारी विभाग की टीम पर 20 हजार रुपए मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि, आबकारी ने किराना दुकान के गल्ले से 15 हजार रुपए निकाल ली, फिर दुकानदार की 13 साल की बेटी को गाड़ी में भरकर ले गए। उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और सुनसान जंगल में छोड़ दिया। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है। दरअसल, ग्राम भड़हा रेलहा निवासी पदुम बर्मन ने अपनी शिकायत में बताया कि, वो खेती किसानी करता है। साथ ही घर का खर्च निकालने के लिए किराना दुकान चलाता है। उसने पुलिस को बताया कि 5 नवंबर को वह दुकान में बैठा था। शाम करीब 5 बजे सफेद रंग की गाड़ी क्रमांक सीजी 08 UA 0828 में आबकारी विभाग की टीम पहुंची। जिसमें 6 लोग सवार थे। इनमें एक वर्दीधारी महिला भी थी।

दुकानदार पदुम बर्मन का आरोप है कि, टीम जबरदस्ती उसके घर में घुस गई। शराब बेचने का आरोप लगाकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। जबकि मैं बताया कि शराब नहीं बेचता। चाहे तो घर और दुकान की तलाशी ले लो। इस दौरान आबकारी विभाग की टीम ने उससे 20 हजार रुपए की मांग की। पैसे नहीं देने पर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट का केस दर्ज करने की धमकी देने लगे। दुकानदार कहते रहा कि वह गरीब आदमी है और इतना पैसा कहां से लाएगा। आरोप है कि टीम के सदस्यों ने उसकी दुकान के गल्ले से 15 हजार रुपए निकाल लिए। उसने यह भी आरोप लगाया कि, आबकारी विभाग की टीम ने उसकी 13 साल की बेटी को गाड़ी में बैठा ली। फिर साथ ले गए। इस दौरान गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। करीब आधे घंटे बाद उसकी बेटी बदहवास हालत घर पहुंची और बहुत रोने लगी। उसने आपबीती सुनाई। जिसके बाद परिजन अपनी बेटी को लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है। लेकिन, पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।

पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि, उनकी बेटी को गाड़ी में बिठाकर ले जाने का सीसीटीवी वीडियो भी पुलिस को दिया है। जिसमें वो उनकी बेटी को गाड़ी में बैठाते दिख रहे हैं। उन्होंने सीसीटीवी वीडियो के आधार पर इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। दूसरी तरफ आबकारी विभाग के अफसरों ने बताया कि, गांव में किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने की शिकायत मिली थी। जिस पर टीम को जांच के लिए भेजा गया था। जांच और कार्रवाई से बचने के लिए अवैध वसूली और नाबालिग लड़की के साथ मारपीट करने के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। इस मामले में पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह ने बताया कि, इस मामले में पीड़ित परिवार ने शिकायत की है। उन्होंने पैसे मांगने और गल्ले से पैसे निकालने का आरोप लगाया है। प्रकरण की जांच के लिए आबकारी विभाग की टीम को भी थाने बुलाया गया है।


Tags:    

Similar News

null