स्काउट गाइड फेलोशिप एवं विकास शिक्षा महाविद्यालय ने हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया
छग
Raipur. रायपुर। सड़क सुरक्षा माह 2026 के दसवें दिन, स्काउट गाइड फेलोशिप और विकास शिक्षा महाविद्यालय रायपुर के छात्र-छात्राओं ने हेलमेट जागरूकता बाइक रैली का आयोजन कर नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना के ग्राम टेमरी में आयोजित सात दिवसीय शिविर के तहत आयोजित किया गया। हेलमेट जागरूकता बाइक रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर डॉ. प्रशांत शुक्ला, स्काउट गाइड फेलोशिप छत्तीसगढ़ अध्यक्ष डॉ. सुरेश शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी भारती, अध्यक्ष जी. स्वामी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय तिवारी, शिक्षिकाएं हेमलता साहू, संगीता दुबे, वर्षा अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही। रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों और चैक-चैराहों से होकर गुजरते हुए बैनर, पोस्टर और तख्ती के माध्यम से नागरिकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की जानकारी दी।
डॉ. प्रशांत शुक्ला ने कहा कि स्कूल और कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देना जरूरी है और माता-पिता को भी बच्चों को सुरक्षित वाहन चलाने की जिम्मेदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। डॉ. सुरेश शुक्ला ने बताया कि देश में प्रतिदिन लगभग 500 लोग सड़क दुर्घटना में अपनी जान गंवाते हैं। नियमों का पालन कर इस संख्या को कम किया जा सकता है। जिला शिक्षा अधिकारी भारती ने कहा कि पिछले दो वर्षों में यातायात जागरूकता अभियान से 3 प्रतिशत कमी दुर्घटना से जनहानि में आई है। राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रों ने ग्राम टेमरी में आयोजित शिविर में 150 छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को यातायात नियमों की जानकारी दी। मोर पिरोहित लोक कला मंच के कलाकारों ने शहर के प्रमुख चैराहों में पी.के. फिल्म के किरदार में अभिनय कर दोपहिया चालकों को हेलमेट और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने की अपील की। यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नाबालिग बच्चों को वाहन न दें, मोबाइल का उपयोग न करें, नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं, और तेज़ गति से वाहन न चलाएं। यह अभियान शहर में सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार जारी है।