Raigarh. रायगढ़। लैलूंगा विकासखंड के पाकरगांव निवासी मनोज जायसवाल ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर अपने घर को ऊर्जा आत्मनिर्भर बना लिया है। इस योजना के माध्यम से उन्होंने अपने घर की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा किया है और लगातार बढ़ते बिजली बिल से भी मुक्ति प्राप्त की है। मनोज जायसवाल ने अपने घर की छत पर 5 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित कराया है। अगस्त 2025 में उनके सोलर पैनल से कुल 290 यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ, जिस पर उन्हें 1552 रुपए की छूट प्राप्त हुई। इसके परिणामस्वरूप उनका बिजली बिल ऋणात्मक 1753 रुपए रहा। अब उन्हें बिजली बिल का भुगतान करने की जरूरत नहीं है, बल्कि भविष्य के बिलों में इस राशि का समायोजन भी किया जा रहा है।

मनोज बताते हैं कि पहले हर माह बढ़ते बिजली बिल घरेलू बजट पर दबाव डालते थे। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सौर ऊर्जा अपनाने के बाद वे न केवल आत्मनिर्भर बने हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सूर्य की किरणों से उनकी घर की छत अब केवल ऊर्जा का स्रोत नहीं, बल्कि बचत और स्वावलंबन का प्रतीक बन गई है। इस पहल ने पाकरगांव और आसपास के गांवों में नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाई है। स्थानीय लोग अब सौर ऊर्जा अपनाने के प्रति उत्साहित हैं और कई घरों में इस योजना के तहत रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। उपभोक्ता pmsuryaghar.gov.in पोर्टल या पीएम सूर्य घर मोबाइल ऐप, सीएसपीडीसीएल वेबसाइट, मोर बिजली ऐप और टोल फ्री नंबर 1912 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के दौरान उपभोक्ता स्वयं अपने पसंद के वेंडर का चयन भी कर सकते हैं। यह योजना न केवल उपभोक्ताओं को हर महीने हजारों रुपए की बचत करवा रही है, बल्कि जिले के हितग्राही पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा उत्पादन में भी सक्रिय भागीदार बन रहे हैं। मनोज जायसवाल की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने के प्रति उदाहरण स्थापित कर रही है और कई घरों में इस दिशा में कदम बढ़ाने की प्रेरणा दे रही है। जिला प्रशासन ने भी योजना के लाभ को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया है ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण और शहर के लोग सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली बिल में कटौती कर सकें और साथ ही हरित ऊर्जा उत्पादन में योगदान दे सकें। इस तरह, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना ने पाकरगांव में न केवल बिजली बिल से मुक्ति दिलाई है, बल्कि ऊर्जा स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की ओर कदम बढ़ाने में ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया है।
Tags: