प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली प्रदीप राम की जिंदगी, कच्चे घर से मिला पक्का आशियाना

छग

Update: 2026-04-25 17:58 GMT
Raipur. रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मलगवां खुर्द के हितग्राही प्रदीप राम की जिंदगी भी इस योजना से पूरी तरह बदल गई है। पहले प्रदीप राम अपने परिवार के साथ कच्चे और खपरैल के मकान में असुरक्षित परिस्थितियों में जीवन बिताने को मजबूर थे। बरसात के दिनों में घर की छत से पानी टपकना आम बात थी, जिससे पूरे परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सीमित आय के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था। दो छोटे बच्चों के साथ इस असुरक्षित घर में रहना हमेशा चिंता का कारण बना रहता था।

लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्का मकान मिलने के बाद उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। अब उनका परिवार सुरक्षित और मजबूत घर में रह रहा है। नए घर में पेयजल सहित बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जिससे जीवन पहले की तुलना में काफी आसान और व्यवस्थित हो गया है। प्रदीप राम बताते हैं कि पहले हर मौसम में घर की स्थिति को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब वह चिंता समाप्त हो गई है। पक्के मकान ने उनके परिवार को न केवल सुरक्षा दी है, बल्कि सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर भी प्रदान किया है। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

उनका कहना है कि सरकार की इस पहल ने उनके सपनों को साकार कर दिया है और अब उनका परिवार एक बेहतर भविष्य की ओर बढ़ रहा है। स्थानीय स्तर पर भी प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। कई ग्रामीणों का मानना है कि इस योजना ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में वास्तविक सुधार लाने का काम किया है। प्रदीप राम का कहना है कि यह पक्का मकान सिर्फ एक इमारत नहीं है, बल्कि उनके परिवार की सुरक्षा, खुशियों और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। अब उनके बच्चे सुरक्षित वातावरण में रहकर पढ़ाई कर पा रहे हैं, जिससे उनके भविष्य को भी नई दिशा मिली है। सरकारी योजनाओं के प्रभाव से ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे इस तरह के बदलाव यह दर्शाते हैं कि यदि योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन हो तो समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में बड़ा सुधार संभव है।
Tags:    

Similar News