बिलासपुर के पास ट्रेन दुर्घटना का समाचार अत्यंत दु:खद: CM साय

छग

Update: 2025-11-04 12:46 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर के पास हुई दर्दनाक ट्रेन दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह समाचार अत्यंत दु:खद और हृदयविदारक है। मुख्यमंत्री ने हादसे की जानकारी मिलते ही बिलासपुर जिला कलेक्टर से विस्तृत रिपोर्ट ली और सभी प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दुर्घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। रेलवे प्रशासन, स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ की टीम और जिला प्रशासन पूरी तत्परता के साथ मौके पर जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि घायलों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो तथा सभी आवश्यक चिकित्सा संसाधन और दवाइयाँ तुरंत उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता फिलहाल राहत और बचाव कार्य है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक होने पर उन्हें रायपुर और अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हादसे की पूरी जांच की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने रेल प्रशासन से भी आग्रह किया है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाए और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
राज्य सरकार ने बिलासपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बने रहने और राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। बिलासपुर के पास हुई इस दुर्घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासनिक और स्वास्थ्य अमला पूरी तत्परता से राहत कार्य में लगा हुआ है, जबकि मुख्यमंत्री स्वयं स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
Tags:    

Similar News

null