बीजापुर में सुरक्षा बलों की सतर्कता से नक्सलियों की साजिश नाकाम

छग

Update: 2025-08-30 15:24 GMT
Bijapur. बीजापुर। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने एक बार फिर बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। गोरना-मनकेली मार्ग पर सर्चिंग और डिमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान जवानों ने सड़क किनारे एक शक्तिशाली कमांड IED बरामद किया, जिसे समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार को डीआरजी बीजापुर, थाना बीजापुर पुलिस और बीडीएस टीम की संयुक्त टीम गश्त और डिमाइनिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान जवानों की नज़र सड़क किनारे संदिग्ध इलेक्ट्रिक तार पर पड़ी। शक
गहराने
पर इलाके की घेराबंदी की गई और सघन तलाशी शुरू की गई। तलाशी में सुरक्षाबलों को स्टील के टिफिन बॉक्स में छुपाकर रखा गया लगभग 10 किलो वजनी कमांड IED मिला। यह विस्फोटक 70 से 80 मीटर लंबी बिजली की तार से जुड़ा हुआ था और इसे दूर से विस्फोटित करने की साजिश रची गई थी। बीडीएस टीम ने मौके पर पहुंचकर विशेषज्ञता का परिचय देते हुए बम को सावधानीपूर्वक निष्क्रिय किया। टीम की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई और दर्जनों जवानों तथा आम नागरिकों की जान बच गई।
शुक्रवार को हुई थी युवक की हत्या
गौरतलब है कि इसी गांव में शुक्रवार को नक्सलियों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल था। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के अगले ही दिन नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाने के लिए सड़क पर IED प्लांट कर दिया था। लेकिन उनकी यह साजिश भी नाकाम हो गई।
सुरक्षा बलों की सतर्कता से ध्वस्त हुई नक्सल मंशा
अधिकारियों के मुताबिक, नक्सली अक्सर सुरक्षा बलों की मूवमेंट वाले रास्तों पर IED लगाकर जवानों और आम नागरिकों को निशाना बनाने की कोशिश करते हैं। लेकिन इस बार सुरक्षा बलों की चौकसी और मुस्तैदी ने उनकी योजना को ध्वस्त कर दिया। घटना के बाद से इलाके में सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के ग्रामीणों को भी लगातार सतर्क किया जा रहा है ताकि नक्सलियों की गतिविधियों की समय रहते जानकारी मिल सके। सुरक्षा बलों का कहना है कि नक्सली आमतौर पर त्योहारों, विशेष अवसरों और ग्रामीण मेलों के दौरान इस तरह की साजिश रचते हैं ताकि अधिक से अधिक नुकसान पहुंचाया जा सके। ऐसे में जवानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और डिमाइनिंग ऑपरेशन लगातार जारी है।
आमजन में बढ़ा भरोसा
इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास और बढ़ा है। ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है कि समय रहते विस्फोटक का पता चल गया, वरना किसी भी समय बड़ी घटना घट सकती थी। बीजापुर एसपी ने जवानों की इस सफलता की सराहना की और कहा कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नक्सलियों की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
Tags:    

Similar News