अवैध रेत कारोबार पर खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई, जेसीबी, हाईवा और ट्रैक्टर जब्त

छग

Update: 2026-01-14 15:01 GMT
Dhamtari. धमतरी। धमतरी जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए खनिज विभाग ने कलेक्टर के निर्देशानुसार सख्त कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रेत खनन एवं भण्डारण के खिलाफ चलाए गए अभियान में कई वाहन और मशीनरी जप्त की गई, साथ ही अवैध रूप से बनाए गए रैंप को नष्ट किया गया। खनिज अधिकारी हेमंत चेरपा के मार्गदर्शन में जिला खनिज विभाग लगातार रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भण्डारण पर सघन निरीक्षण और प्रवर्तन कार्यवाही कर रहा है। पिछले दो दिनों के दौरान हुई कार्रवाई में कई महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है।

दिनांक 13 जनवरी 2026 को तहसील मगरलोड अंतर्गत ग्राम बुढ़ेनी के पास महानदी से अवैध रूप से रेत निकालते हुए एक ट्रैक्टर को खनिज विभाग की टीम ने जप्त किया। इस दौरान नदी में अवैध खनन के लिए बनाए गए रैंप को तुरंत नष्ट कर दिया गया, जिससे भविष्य में इस क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन पर प्रभावी रोक लग सके। वहीं, दिनांक 14 जनवरी 2026 को तहसील मगरलोड के ग्राम करेलीछोटी में मध्य रात्रि के दौरान की गई कार्रवाई में अवैध रेत भण्डारण में संलिप्त एक जेसीबी मशीन और एक हाईवा वाहन को जप्त किया गया। इस अभियान के दौरान लगभग 60 हाईवा वाहनों की रात्रिकालीन चेकिंग की गई।

जिसमें रेत परिवहन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज सही पाए गए। खनिज विभाग ने अवैध रेत भण्डारण और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) की धारा 21 के तहत नियमानुसार कार्यवाही की है। इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी सुभाष साहू, खनि निरीक्षक जितेन्द्र चंद्राकर और खनि सिपाही का सराहनीय योगदान रहा। विभाग ने बताया कि यह अभियान जिले में खनिज संसाधनों के संरक्षण और अवैध खनन को रोकने के लिए लगातार जारी रहेगा। कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा की गई।

यह कार्रवाई शासकीय राजस्व की हानि को रोकने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। विभाग ने जिले के सभी खनन क्षेत्रों में सतत निरीक्षण और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने का निर्णय लिया है। खनिज अधिकारी हेमंत चेरपा ने कहा कि जिले में अवैध खनन, रेत परिवहन और भण्डारण की कोई भी शिकायत मिलने पर विभाग तुरंत जांच कर कार्रवाई करेगा। उनका कहना है कि विभाग का लक्ष्य खनिज संसाधनों का संरक्षण करना और अवैध खनन से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को रोकना है। इस कार्रवाई से जिले में अवैध रेत कारोबारियों के लिए संदेश गया है कि खनिज विभाग किसी भी अवैध गतिविधि की अनुमति नहीं देगा। भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और जिले में कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Tags:    

Similar News