रायपुर के आसमान में दिखेगा वायुसेना का दम! मोर के रंगों से सजे हेलीकॉप्टर 'सारंग' हैं टीम की पहचान
सेंध झील पर होगा एयर शो
रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 इस बार बेहद खास और रोमांचक होने जा रहा है। राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव में भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने शानदार हवाई करतबों से दर्शकों को रोमांचित करेगी। सोमवार, 26 अक्टूबर को सारंग टीम रायपुर पहुंच गई। नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक के आसमान में स्वदेशी ध्रुव हेलिकॉप्टरों का शानदार एयर शो आयोजित किया जाएगा।
आसमान में दिखेगा रोमांचक नजारा
राज्योत्सव के दौरान भारतीय वायुसेना की सारंग टीम आसमान में अपनी उड़ान कला का प्रदर्शन करेगी। इस दौरान हेलिकॉप्टर बेहद सटीक तालमेल के साथ उड़ान भरते हुए अलग-अलग आकृतियां बनाएंगे। टीम का यह प्रदर्शन दर्शकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। सारंग टीम अपनी अनुशासित उड़ान, बेहतरीन सामंजस्य और रोमांचक हवाई करतबों के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। राज्योत्सव में इसका प्रदर्शन भारतीय वायुसेना की पेशेवर दक्षता और उड़ान कौशल की झलक पेश करेगा।
स्वदेशी ध्रुव हेलिकॉप्टर दिखाएंगे भारत की ताकत
रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी विंग कमांडर देबर्थो धर के अनुसार, सारंग टीम स्वदेश में विकसित एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) ध्रुव से प्रदर्शन करती है। इस एयर शो के माध्यम से भारतीय वायुसेना के जवान अपने कौशल, अनुशासन और टीमवर्क का परिचय देंगे। साथ ही दर्शकों को भारत में विकसित हेलिकॉप्टरों की क्षमताओं को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
मोर के रंगों से सजे हेलिकॉप्टर हैं सारंग टीम की पहचान
सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम की एक खास पहचान उसके हेलिकॉप्टरों की आकर्षक रंग-सज्जा है। इनका डिजाइन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर के रंगों से प्रेरित है। टीम का आदर्श वाक्य 'Inspire Through Excellence' है, जिसका अर्थ है 'उत्कृष्टता के जरिए प्रेरित करना'। सारंग टीम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय वायुसेना का प्रतिनिधित्व करती रही है।
युवाओं को मिलेगा वायुसेना से जुड़ने का प्रोत्साहन
राज्योत्सव में आयोजित होने वाला यह एयर शो केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा। इसके माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को विमानन क्षेत्र के प्रति प्रेरित करने का भी प्रयास किया जाएगा। दर्शक हेलिकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान, सटीक नियंत्रण और पायलटों के बीच अद्भुत तालमेल को देख सकेंगे। इससे युवाओं में भारतीय वायुसेना और विमानन क्षेत्र में करियर बनाने की रुचि बढ़ने की उम्मीद है।
एयर शो की तैयारियों में जुटा प्रशासन
नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी की जा रही हैं। दर्शकों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के बीच समन्वय किया जा रहा है। भारतीय वायुसेना की सारंग टीम की मौजूदगी छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 को एक अलग पहचान देगी। आसमान में स्वदेशी हेलिकॉप्टरों का प्रदर्शन राज्योत्सव में आने वाले दर्शकों के लिए यादगार अनुभव बन सकता है।