वन मंत्री ने तेंदूपत्ता फड़ दहिकोंगा का किया औचक निरीक्षण, तेंदूपत्ता संग्राहकों से किया संवाद

छग

Update: 2026-04-27 17:46 GMT
Kondagaon. कोंडागांव। कोंडागांव जिले में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने रविवार को तेंदूपत्ता फड़ दहिकोंगा, समिति कोंडागांव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तेंदूपत्ता संग्रहण व्यवस्था, गुणवत्ता और संग्राहकों को किए जा रहे भुगतान की प्रक्रिया का विस्तार से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने तेंदूपत्ता की गुणवत्ता की जांच की और संग्रहण कार्य में लगे श्रमिकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने संग्राहकों से मिलकर उनकी समस्याएं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के लाभ के बारे में भी चर्चा की।

मंत्री कश्यप ने मौके पर ही ऑनलाइन भुगतान प्रणाली की प्रक्रिया को भी समझा। उन्होंने स्वयं दो संग्राहकों के मोबाइल में ऑनलाइन एंट्री कराकर भुगतान की प्रक्रिया को पूरा कराया, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि भुगतान पारदर्शी और समय पर हो रहा है। इस अवसर पर वन मंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को तेंदूपत्ता तिहार की शुभकामनाएं दीं और उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य वन आश्रित समुदायों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और उन्हें समय पर लाभ पहुंचाना है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तेंदूपत्ता संग्रहण और भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा पूरी व्यवस्था पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित की जाए। इस मौके पर वन मंडलाधिकारी कोंडागांव चूड़ामणि सिंह, संयुक्त वन मंडलाधिकारी डॉ. आशीष कोटरिवार, परिक्षेत्र अधिकारी कोंडागांव, परिक्षेत्र अधिकारी दहिकोंगा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि संग्राहकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी भुगतान समय पर सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली से भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता आई है, जिससे संग्राहकों को सीधा लाभ मिल रहा है। इस औचक निरीक्षण को तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सका।
Tags:    

Similar News