Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़ तहसील के ग्राम कांदुरपाली में खाद्य विभाग और मंडी बोर्ड की संयुक्त टीम ने अवैध धान की बड़ी खेप जब्त की। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। टीम ने स्थानीय व्यापारी भगवान दास बैरागी के महाराज ट्रेडर्स दुकान से स्टॉक की जांच के दौरान अनियमितताएं पाई, जिसके बाद 150 बोरी, लगभग 60 क्विंटल धान को मंडी अधिनियम के तहत जप्त किया गया। जांच दल में मंडी सचिव राजेंद्र ध्रुवे, सहायक खाद्य अधिकारी तरुण नायक और मंडी निरीक्षक शामिल थे। टीम ने मौके पर स्टॉक का मुआयना किया और पाया कि धान का उचित रिकॉर्ड और वैध दस्तावेज नहीं रखे गए थे। इसके आधार पर तत्काल जप्ति की कार्रवाई की गई। खाद्य विभाग और मंडी बोर्ड की यह कार्रवाई जिले में धान के अवैध भंडारण और परिवहन को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने बताया कि जिले में धान खरीदी और भंडारण की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनियमितताओं की जानकारी मिलने पर तत्काल जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई यह संदेश देने के लिए भी की गई है कि जिले में अवैध धान भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और किसानों के हितों की रक्षा प्राथमिकता है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे धान के अवैध भंडारण या परिवहन के मामलों की जानकारी सीधे संबंधित अधिकारियों को दें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज रहेगी और किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य विभाग और मंडी बोर्ड की संयुक्त टीमें जिले के अन्य हिस्सों में भी निरंतर निरीक्षण कर रही हैं। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि खरीफ वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी और भंडारण प्रक्रिया पूरी तरह से नियमों के अनुसार हो और किसानों को उचित लाभ मिले।