विशेष गहन पुनरीक्षण में पहली मतदाता सूची जारी, 80,988 नाम कटे

छग

Update: 2025-12-23 18:51 GMT
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के तहत पहली मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने राजनीतिक दलों की बैठक ली और उन्हें मतदाता सूची उपलब्ध कराई। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि रायगढ़ जिले में कुल 9,14,669 पंजीकृत मतदाता हैं। इसमें से 8,33,681 मतदाताओं ने 18 दिसंबर 2025 तक गणना प्रपत्र (एनरोलमेंट फॉर्म) जमा कर दिए हैं। इस प्रक्रिया के दौरान 80,988 नाम सूची से कटे हैं। इसके अलावा 58,553 मतदाता एब्सेंट या स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित पाए गए, जिनके गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हो सके। एसआईआर के दौरान 18,923 मतदाता मृत पाए गए और 3,175 मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए। नियमों के अनुसार ऐसे मतदाताओं के नाम केवल एक ही स्थान पर रखे जाएंगे। कलेक्टर ने यह भी बताया कि कई मतदाता अन्य राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में पंजीकृत हो चुके हैं या गणना अवधि में उपलब्ध नहीं थे।

दावा-आपत्ति का अवसर
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि यदि कोई वास्तविक पात्र मतदाता सूची से छूट गया है तो वे 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद उचित जांच और सत्यापन के बाद नाम को पुनः मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि सभी पात्र मतदाता वंचित न रहें, इसके लिए निगम आयुक्त, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक अधिकारी और बीएलओ की टीम ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। 27 अक्टूबर तक सूचीबद्ध सभी मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए गए और संग्रह के लिए कम से कम तीन बार भ्रमण किया गया।

अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया। दावा और आपत्ति की अंतिम तिथि 22 जनवरी 2026 है। इसके बाद 14 फरवरी 2026 तक सभी दावों की सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अंततः 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। कलेक्टर ने इस अवसर पर राजनीतिक दलों और जनता से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और यदि कोई त्रुटि हो तो समय रहते सुधार के लिए दावा-आपत्ति दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक योग्य मतदाता को सूची में शामिल होना आवश्यक है। विशेष गहन पुनरीक्षण से रायगढ़ जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने और दुरुपयोग, दोहरे पंजीकरण एवं मृतक मतदाताओं के नाम को हटाने में मदद मिलेगी। यह प्रक्रिया न केवल पारदर्शिता सुनिश्चित करती है बल्कि आगामी चुनावों में निष्पक्ष मतदान के लिए आधार भी तैयार करती है।
Tags:    

Similar News