रायगढ़। जिले के जामगांव स्थित एमएसपी स्टील प्लांट में सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे के बाद आज प्लांट के मुख्य गेट पर तनाव का माहौल बन गया। चलते कन्वेयर बेल्ट में फंसकर कर्मचारी लक्ष्मण साहू की मौत के विरोध में परिजन और साथी कर्मचारी धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, मृतक लक्ष्मण साहू (निवासी अमोरा, जांजगीर) सोमवार को अपने नियमित शिफ्ट में काम कर रहा था। इसी दौरान वह कन्वेयर बेल्ट पर प्लेट चिपकाने का कार्य कर रहा था। आरोप है कि उस समय बेल्ट चालू स्थिति में ही थी, जिसके चलते अचानक उसका हाथ बेल्ट में फंस गया और वह तेजी से खिंचता चला गया। गंभीर चोट लगने से उसकी हालत काफी खराब हो चुकी थी, इलाज के लिए अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई थी।

हादसे के बाद से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि प्लांट में लंबे समय से औद्योगिक सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है। मजदूरों के मुताबिक यदि बेल्ट बंद करके कार्य करवाया जाता तो यह दुर्घटना टल सकती थी। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि एमएसपी प्लांट में पहले भी कई बार सुरक्षा उपकरणों और प्रोटोकॉल की कमी के कारण हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रबंधन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

Tags: