एक्सीडेंट में पूरा डैमेज हो गया था चेहरा, ढाई घंटे में सरकारी डॉक्टरों ने किया सफल ऑपरेशन

Update: 2022-06-01 04:01 GMT
सांकेतिक तस्वीर 

पेंड्री। पेंड्री मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में पहले जब सर्जरी से संबंधित कोई गंभीर केस आता था तो डॉक्टर सीधे मेकाहारा रेफर कर देते थे पर अब क्रिटिकल केस हैंडल किए जा रहे हैं। डॉक्टरों की टीम कई गंभीर केस को ऑपरेट कर रही है। हाल ही में एक ऐसा ही क्रिटिकल केस सामने आया।

मोहला निवासी अगनु राम सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। चेहरे पर पांच जगहों पर फ्रैक्चर थे। चेहरा पूरी तरह से खराब हो गया था। ऊपर का जबड़ा लटक रहा था। एक आंख में धुंधलापन आ गया था। मरीज की तकलीफ बढ़ती जा रही थी। डॉक्टरों की टीम उक्त मरीज के चेहरे का ऑपरेशन किया और लटकते हुए जबड़े को ऑपेरट कर ठीक कर दिया। बताया कि इस ऑपरेशन में लगभग ढाई घंटे लग गए।

दंत रोग विभाग की ओर से यहां पर पहली बार ऐसा ऑपरेशन किया गया है, जिसमें डॉक्टरों की पूरी टीम ने सहयोग किया और मरीज को क्रिटिकल कंडीशन से बाहर लाया। मरीज के परिजन तो हालत देखकर पहले से निराश हो गए थे पर डॉक्टरों ने हिम्मत दिलाई और ऑपरेशन के लिए राजी कराया।

सबसे बड़ी बात यह रही कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से ऑपरेशन में लगने वाले सारे सामान लोकल पर्चेसिंग के माध्यम से तत्काल उपलब्ध कराया, नहीं तो उपकरणों की कमी के चलते ऑपरेशन के लिए इंतजार करना पड़ता। अगनु का ऑपररेशन करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि परिजन निराश हो चले थे और उन्हें लग रहा था कि अगनु अब कभी ठीक नहीं होगा। ऑपरेशन सफल होने पर परिजनों ने डॉक्टरों की टीम को धन्यवाद कहा।

Tags:    

Similar News