कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की ममता चंद्राकर समेत नई राष्ट्रीय महिला पदाधिकारियों की नियुक्ति की
छग
Raipur. रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अपनी संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय महिला पदाधिकारियों की नई नियुक्तियां की हैं। इस नियुक्ति में छत्तीसगढ़ से पूर्व विधायक ममता चंद्राकर को राष्ट्रीय महासचिव का जिम्मा दिया गया है। उनके नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण पदभार उन्हें सौंपा गया है। साथ ही, मयूरी सिंह और तुलिका कर्मा को राष्ट्रीय सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। इनके साथ ही प्रीति उपाध्याय और राशि त्रिभुवन को राष्ट्रीय समन्वयक के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी का उद्देश्य संगठन में महिला नेतृत्व को और मजबूत करना और पार्टी की कार्यशैली में नई ऊर्जा लाना है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि “सभी नव नियुक्त पदाधिकारी नई ऊर्जा और उत्साह के साथ अपनी भूमिकाएं सफलतापूर्वक निभाएंगी, इसमें हमें पूरा विश्वास है।” कांग्रेस ने यह नियुक्ति महिला सशक्तिकरण और संगठन में नए दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए की है। पार्टी ने इस अवसर पर कहा कि नई नियुक्तियों से राष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को और मजबूती मिलेगी। ममता चंद्राकर समेत सभी नई नियुक्त महिला पदाधिकारी संगठन की नीतियों और योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इस कदम से कांग्रेस पार्टी ने महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने का संदेश दिया है और आगामी समय में राजनीतिक रणनीतियों में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को भी उजागर किया है।