कलेक्टर प्रशासनिक अमले के साथ पहुंचे जिला मुख्यालय से लगभग 100 किमी दूर आखिरी गांव गोयनी

छग

Update: 2023-04-01 14:00 GMT
कोरिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य शासन की ओर से छत्तीसगढ़ सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण 2023 की आज से शुरुआत हो चुकी है। शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिल सके, इसके लिए इस सर्वे के माध्यम से जानकारी एकत्र कर लोगों की सामाजिक आर्थिक स्थिति का आकलन किया जाना है। इसी कड़ी में आज सोनहत दौरे पर निकले कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, सीईओ जिला पंचायत नम्रता जैन व प्रशासनिक अमले के साथ सोनहत विकासखंड के सुदूर गांव गोयनी पहुंचे। यहां उन्होंने सर्वे दल से मुलाकात कर सर्वेक्षण के सुचारू संचालन की जानकारी ली। सर्वेक्षण के लिए घर-घर पहुंच रहे दल से उन्होंने ग्रामीण तिलक धारी सिंह के घर में जानकारी एकत्र करने के दौरान मुलाकात की। कलेक्टर लंगेह ने स्वयं ग्रामीणों को शासन की ओर से शुरू छत्तीसगढ़ सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण 2023 और बेरोजगारी भत्ता योजना की जानकारी दी। उन्होंने अपील की कि सर्वेक्षण को सफल बनाने के लिए सर्वे दल का सहयोग करें और उन्हें आवश्यक जानकारी जरूर दें। उन्होंने शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए शासन की ओर से शुरू की गई बेरोजगारी भत्ता योजना का भी पात्रता अनुसार लाभ लेने की बात कही और इसके प्रचार प्रसार के लिए स्थानीय सरपंच व अधिकारी कर्मचारियों को निर्देशित किया। विदित हो कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुसार छत्तीसगढ़ में 1 अप्रैल से बेरोजगारी भत्ता योजना लागू हो गई है।
कलेक्टर लंगेह ने भ्रमण के दौरान आगामी विधानसभा निर्वाचन के मद्देनजर दूरस्थ मतदान केंद्रों में व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सोनहत मुख्यालय के दूरस्थ ग्राम नटवाही, आनंदपुर और गोयनी में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर यहां पेयजल, विद्युत और निस्तारी की व्यवस्था का जायजा लिया व आवश्यक सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों और ग्राम गौठान में भी गतिविधियों का अवलोकन किया। आंगनबाड़ी केंद्र नटवाही में 17 बच्चे उपस्थित रहे। कलेक्टर व सीईओ जिला पंचायत ने बच्चों से संवाद किया जिसपर बच्चों ने बेहद उत्साह से कविताएं, अंग्रेजी वर्णमाला और गिनती सुनाई। कलेक्टर ने भी बच्चों को शाबाशी दी। उन्होंने आंगनबाड़ी में बच्चों के पोषण आहार, पढ़ाई और दैनिक उपस्थिति की जानकारी ली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि आंगनबाड़ी में दर्ज कुपोषित बच्चों और एनिमिक माताओं के स्वास्थ्य में सकारात्मक प्रगति दर्ज की गई है। गर्भवती व शिशुवती माताओं की नियमित जांच भी सुनिश्चित की जाती है। कलेक्टर लंगेह ने सुपरवाइजर, व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को इसी तरह बेहतर काम करने प्रोत्साहित किया और शुभकामनाएं दीं। इसी कड़ी में कलेक्टर गोयनी ग्राम स्थित गौठान भी पहुंचे। यहां उन्होंने वर्मी खाद निर्माण और विक्रय की जानकारी आजीविका में संलग्न स्व सहायता समूह की महिलाओं से ली। इसके साथ ही गौठान में अन्य आजीविका गतिविधियां शुरू करने पर भी महिलाओं से चर्चा की जिसपर महिलाओं ने मुर्गी व बकरीपालन को मंशा जाहिर की। कलेक्टर ने इस संबंध में एनआरएलएम बिहान के बीपीएम को निर्देशित किया। इस अवसर पर एसडीएम सोनहत अमित सिन्हा, सीईओ जनपद पंचायत व जिला तथा खंडस्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News

-->