Baloda Bazar. बलौदाबाजार। जिले के सभी शासकीय स्कूलों मे बालिकाओं के लिये पृथक शौचालय की जल्द व्यवस्था होगी जिससे अब कोई भी विद्यालय बालिका शौचालय विहीन नहीं रहेगा। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को समय -सीमा की बैठक मे विभागीय कार्यो की समीक्षा के दौरान जिन स्कूलों मे बालिका शौचालय की व्यवस्था नहीं है उसकी सूची तैयार कर निर्माण हेतु स्वीकृति के लिये एक सप्ताह मे प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। कलेक्टर श्री शर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद सीईओ एवं बालिका शौचालय विहीन एवं जर्जर स्थिति वाले शौचालय की सत्यापित सूची प्राप्त किया जाए। जर्जर शौचालय को लोक निर्माण विभाग द्वारा डिसमेन्टल की कार्यवाही की जाएगी। बालिका शौचालय निर्माण हेतु राशि व्हीबी- ज़ीराम ज़ी अंतर्गत स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने सभी जनपद सीईओ को निर्माण स्वीकृति के 2 से ढाई महीने मे शौचालय निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम का गंभीरता पूर्वक आयोजन एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक सेवा सेतु शिविर सभी विकासखण्डों मे चिन्हांकित स्थानों पर लगाए जाएंगे जिसमें केन्द्र एवं राज्य शासन की लगभग 31 योजनाओं का लाभ प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि शिविर मे आवेदन भी लिये जायेंगे जिसका निराकरण शिविर स्थल मे ही करना है। उन्होंने 3 से 6 माह तक लंबित राजस्व प्रकरण का निराकरण के लिये सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष मुहिम चलाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने गोठानो मे मवेशियों की सुरक्षा औऱ चारा-पानी की व्यवस्था के सम्बन्ध मे सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि गोठान की नियमित मॉनिटरिंग करें औऱ मवेशियों की सुरक्षा औऱ चारा-पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने चेताया कि लापरवाही पर सम्बंधित पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।उन्होंने सुरभि गोधाम हेतु प्रत्येक विकासखण्ड मे 10 -10 ग्रामो का चिन्हांकन कर सूची उपलब्ध कराने कहा। इस दौरान ई -ऑफिस,सीएम हेल्पलाइन, लंबित राजस्व प्रकरण, सीपी ग्राम्स,मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वें, डिजिटल किसान किताब, सेवा सेतु पोर्टल,न्यायालयीन प्रकरण आदि की समीक्षा की गई। बैठक मे डीएफओ पंकज कमल, अपर कलेक्टर ए.आर. टंडन,निशा नेताम मड़ावी,सीमा ठाकुर सहित एसडीएम,जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।