Kondagaon. कोण्डागांव। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करते हुए अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर आयोजन के माध्यम से राजस्व प्रकरणों का निराकरण करें। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रमुख रूप से धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो, इसके लिए बारदाना की उपलब्धता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मिलों के पंजीयन स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए अपार आईडी निर्माण और शिक्षकों की उपस्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
साथ ही आदिवासी विकास विभाग के छात्रावास व ईएमआरएस भवन निर्माण के कार्यों में प्रगति लाने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लखपति दीदी पहल के प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले के महतारी सदन भवनों को महिलाओं के आजीविका गतिविधियों का केन्द्र बनाने हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश संबधित अधिकारियों को दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिले के एनआरसी में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ सभी जरूरतमंद बच्चों को उपलब्ध कराएं, जिससे वे सुपोषित व स्वस्थ हो सके। जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध एंबुलेंस की वर्किंग स्थिति की जांच करने निर्देश देेते हुए कहा कि सभी एंबुलेंस सुचारू रूप से संचालित हो यह सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिले में अवैध रेत खनन के प्रकरणों में कार्यवाही के भी निर्देश खनिज अधिकारी को दिए। बैठक में निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा के साथ प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, बीमा योजना, उज्ज्वला योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई सहित सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।