Raigarh. रायगढ़। होली पर्व के मद्देनजर चौक-चौराहों पर बढ़ाई गई सघन सुरक्षा व्यवस्था के बीच रायगढ़ में एक युवती को क्रेटा कार में जबरदस्ती बिठाकर ले जाने की खबर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को मिलते ही कंट्रोल रूम द्वारा जिलेभर में नाकेबंदी और चेक पोस्टों को सक्रिय कर संदिग्ध काले रंग की क्रेटा कार की तलाश शुरू कर दी गई। वाहन की तस्वीर सभी पुलिस ग्रुपों में साझा की गई।
सूचना मिलने के तुरंत बाद इंदिरा विहार नो-एंट्री चेकप्वाइंट पर तैनात यातायात आरक्षक सुनील मिश्रा की नजर संदिग्ध वाहन पर पड़ी। वाहन रायगढ़ शहर की ओर बढ़ रहा था। आरक्षक ने पहले स्टॉपर लगाकर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार आगे बढ़ने लगी। तत्परता दिखाते हुए आरक्षक ने बाइक से पीछा कर वाहन के सामने अपनी बाइक लगाकर कार को रोकवाया। कार में सवार युवकों ने दावा किया कि युवती की तबीयत खराब है, लेकिन आरक्षक ने परिस्थिति भांपते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इस पर थाना प्रभारी चक्रधरनगर राकेश मिश्रा और जूटमिल थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह सहित पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और वाहन को युवती व युवक सहित थाना लाया गया।
पुलिस पूछताछ में यह सामने आया कि युवती और युवक के बीच पारिवारिक और आपसी विवाद है। युवती ने कार्यवाही की आवश्यकता नहीं जताई, लेकिन विवाद को देखते हुए पुलिस ने युवक पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता और सुरक्षा को देखते हुए कार्रवाई को वैधानिक रूप में पूरा किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने यातायात जवान सुनील मिश्रा की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए उन्हें नगद ईनाम देने की घोषणा की। अधिकारियों ने कहा कि होली पर्व के मद्देनजर शहर में सघन निगरानी और चौक-चौराहों पर पैदल मार्च लगातार जारी रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की उत्पात या संदिग्ध गतिविधियों को तुरंत रोका जा सके।
घटना ने यह स्पष्ट कर दिया कि रायगढ़ पुलिस की चौकसी और त्वरित कार्रवाई न केवल अपराध को रोकने में सहायक है, बल्कि आम नागरिकों के विश्वास को भी मजबूत करती है। पुलिस ने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या हेल्पलाइन पर दें। विशेष रूप से एसएसपी ने यह भी कहा कि होली और अन्य त्योहारों के दौरान युवा और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी उत्पाती, असामाजिक तत्व या अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्ति के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने जनता से अनुरोध किया कि वे सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों से प्रभावित न हों और किसी भी सूचना की पुष्टि केवल अधिकारियों से करें। यह मामला रायगढ़ पुलिस की तत्परता और पेशेवर कौशल का उदाहरण है, जिसने घटना की जानकारी के कुछ ही घंटों में युवती को सुरक्षित थाने लाकर, संभावित संकट को टाल दिया।
Tags: