Pendra. पेंड्रा। जिले के धनपुर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहद की तलाश में एक भालू श्री साईं राइस मिल के परिसर में घुस आया और मिल के टिन शेड पर करीब 30 फीट की ऊंचाई पर फंस गया। यह घटना मरवाही वन मंडल क्षेत्र के लरकेनी–धनपुर मार्ग पर स्थित श्री साईं फूड प्रोडक्ट राइस मिल में देर रात की बताई जा रही है। भालू के शेड पर फंसे होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात राइस मिल में कामकाज चल रहा था, तभी अचानक एक भालू मिल परिसर में घुस आया। मिल के टिन शेड पर बड़ी संख्या में मधुमक्खियों के छत्ते लगे हुए हैं। इन्हीं छत्तों के शहद की ओर आकर्षित होकर भालू ऊपर चढ़ गया। हालांकि ऊपर पहुंचने के बाद वह नीचे उतरने में असमर्थ हो गया और शेड के ऊपरी हिस्से में दुबककर बैठ गया। भालू को इस हालत में देखकर मिल में काम कर रहे कर्मचारियों में डर और भगदड़ की स्थिति बन गई। कई मजदूरों ने तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई।
भालू के टिन शेड पर फंसे रहने के कारण मिल परिसर और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए राइस मिल प्रबंधन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। मिल के भीतर कर्मचारियों के प्रवेश पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है और आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई है। मिल संचालक प्रदीप साहू ने सुबह होते ही वन विभाग को घटना की सूचना दी, जिसके बाद विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मरवाही वन मंडल के वन अधिकारियों ने बताया कि भालू फिलहाल शेड के ऊपरी हिस्से में ही मौजूद है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, भालू को किसी भी तरह की चोट पहुंचे बिना सुरक्षित तरीके से नीचे उतारने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए रेस्क्यू टीम, उपकरण और आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि देर शाम या रात के समय भालू को सुरक्षित रूप से नीचे उतारकर जंगल की ओर खदेड़ा जाएगा या रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। वन विभाग ने ग्रामीणों और मिल मजदूरों से अपील की है कि वे भालू को देखने या वीडियो बनाने के लिए मिल परिसर के पास न जाएं। शोर-शराबा करने या भीड़ इकट्ठा होने से भालू आक्रामक हो सकता है, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ सकता है। फिलहाल पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय लोग भी जल्द से जल्द भालू के सुरक्षित रेस्क्यू की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि सामान्य स्थिति बहाल हो सके।