Rajnandgaon. राजनांदगांव। मानपुर ब्लॉक के तिरंगा संकुल संगठन भर्रीटोला में सोमवार को वार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संकुल संगठन की ओर से वर्षभर की गई गतिविधियों, आगामी वर्ष की कार्ययोजना और आय-व्यय विवरण का ब्यौरा आम सभा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। अधिवेशन में उपस्थित महिलाओं और पदाधिकारियों ने संगठन की उपलब्धियों पर चर्चा की और भविष्य के लिए नए लक्ष्य निर्धारित किए। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही लखपति दीदियों की सफलता गाथा।
इन महिलाओं ने अपनी जीवन यात्रा और आजीविका से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के अनुभव साझा किए। उनकी बातों से अन्य महिलाओं को भी स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। संकुल संगठन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदियों एवं महिला उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें महंतीन कव्वालिया, कल्याणी सहित कई अन्य महिला उद्यमियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सैकड़ों महिलाओं की उपस्थिति
अधिवेशन में संकुल पदाधिकारियों के साथ 17 ग्राम संगठनों के अध्यक्ष, सचिव और स्व-सहायता समूहों की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों का साझा अनुभव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर ने संकुल संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “आजीविका गतिविधियों के माध्यम से महिलाएं आज आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनने के लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि हर महिला को किसी न किसी आजीविका आधारित गतिविधि से जुड़ना चाहिए, ताकि न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा समाज सशक्त बने।
आवास पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया
कार्यक्रम में महिलाओं को संकुल संगठन से लोन लेकर स्वीकृत आवासों को पूर्ण करने के लिए भी प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें यह संदेश दिया गया कि आर्थिक सशक्तिकरण और स्वावलंबन तभी संभव है जब महिलाएं सरकारी योजनाओं और स्वयं सहायता समूहों से अधिकतम लाभ उठाएं। इस अवसर पर जनपद सीईओ मोह. हनीश खान, एनआरएलएम डीपीएम अनिल कपूर, संकुल प्रभारी चंदन सिंह राजपूत, पीआरपी जानकी साहू सहित सभी केडर सदस्य और महिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन महिला समूहों के सहयोग से उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। अधिवेशन के अंत में सामूहिक संकल्प लिया गया कि आने वाले वर्ष में संकुल संगठन को महिला सशक्तिकरण का आदर्श मॉडल बनाया जाएगा।