Mahasamund. महासमुंद। जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण और खरीदी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार गठित संयुक्त टीमों ने सरायपाली और बागबाहरा विकासखंड में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन प्रकरणों में कुल 1420 कट्टा अवैध धान जब्त किया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड सरायपाली अंतर्गत एसडीएम अनुपमा आनंद के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम द्वारा ओड़िशा राज्य से अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़ा गया।
जांच के दौरान वाहन में 70 कट्टा धान लोड पाया गया। पूछताछ में वाहन चालक धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके पर ही धान सहित पिकअप वाहन को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना सिंघोड़ा को सुपुर्द किया गया है। इसी तरह बागबाहरा विकासखंड में एसडीएम नमिता मारकोले के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा ग्राम छुईहा में अवैध धान परिवहन के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई। पहले मामले में एक ट्रक को रोककर जांच की गई, जिसमें लगभग 600 कट्टा धान अवैध रूप से परिवहन करते हुए पाया गया। नियमानुसार धान को जब्त कर मंडी समिति के सुपुर्द किया गया, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
दूसरे मामले में भी ग्राम छुईहा क्षेत्र में ही संयुक्त टीम ने एक अन्य वाहन की जांच की, जिसमें करीब 750 कट्टा धान अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। वाहन चालक द्वारा धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर धान को जब्त कर मंडी के सुपुर्द कर दिया गया। दोनों मामलों में वैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि धान खरीदी के सीजन के दौरान अवैध रूप से धान का अंतरराज्यीय परिवहन और गैरकानूनी भंडारण की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राजस्व, खाद्य, मंडी समिति और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण और खरीदी से जुड़े किसी भी मामले में कोई भी ढिलाई नहीं बरती जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों और व्यापारियों से अपील की है कि वे धान खरीदी और परिवहन से संबंधित सभी नियमों का पालन करें और वैध दस्तावेजों के साथ ही धान का परिवहन करें। जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि अवैध धान परिवहन की सूचना मिलने पर संबंधित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें अवैध धान परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले, तो प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।