मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से रायगढ़ में ग्रामीण सड़कों का विस्तार
छग
Raigarh. रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास को नई गति मिल रही है। राज्य सरकार की दूरदर्शी नीति का असर अब रायगढ़ जिले के ग्रामीण इलाकों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। खनिज न्यास मद (डीएमएफ) के तहत जिले में 6 नई सड़कों के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 20.80 किलोमीटर होगी और इसके लिए 16 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन स्तर में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। इस परियोजना को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। जिला प्रशासन द्वारा जिला खनिज संस्थान न्यास निधि के अंतर्गत इन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से सड़क कनेक्टिविटी की मांग की जा रही थी, जिसे अब मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में मूर्त रूप दिया जा रहा है।
स्वीकृत सड़कों में विकासखंड तमनार के अंतर्गत बरकसपाली से रेंगालबहरी तक 3.40 किलोमीटर और पालीघाट तमनार से जोबरो तक 1.80 किलोमीटर सड़क का निर्माण शामिल है। इसके अलावा कांटाझरिया से सलिहारी तक 4.70 किलोमीटर मार्ग, विकासखंड घरघोड़ा में कुडुमकेला से पुरी तक 4.40 किलोमीटर सड़क तथा लैलूंगा मार्ग से कुरूंजखोल तक 4.70 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं विकासखंड धरमजयगढ़ में ससकोबा पाराघाटी रोड से बैगापारा तक 1.80 किलोमीटर मार्ग का भी निर्माण प्रस्तावित है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा। किसानों को अपनी कृषि उपज मंडियों और बाजारों तक आसानी से पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, जिससे परिवहन लागत कम होगी और उनकी आय में सकारात्मक वृद्धि होने की संभावना है। इसके साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। सड़क निर्माण का लाभ शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी प्रत्यक्ष रूप से दिखाई देगा।
इन मार्गों के बन जाने से स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंचना आसान होगा, खासकर बारिश के मौसम में होने वाली दिक्कतों से निजात मिलेगी। वहीं गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और आपातकालीन मरीजों को समय पर स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों तक पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का मानना है कि मजबूत सड़क नेटवर्क ही समग्र विकास की नींव है। बेहतर सड़कों से न केवल आवागमन सुगम होता है, बल्कि रोजगार, व्यापार और शिक्षा के नए अवसर भी खुलते हैं। ग्रामीणों को शहरों से जोड़ने में सड़कें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जिससे उनका जीवन स्तर ऊंचा उठता है। इस परियोजना के माध्यम से रायगढ़ जिले में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सड़क निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज होगी और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। यह पहल न केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि आने वाले वर्षों में जिले की समग्र विकास यात्रा को भी नई दिशा देने वाली साबित होगी।