Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्त इलाके घड़ी चौक स्थित मल्टी लेवल पार्किंग में इन दिनों चोरों का आतंक देखने को मिल रहा है। रात के अंधेरे में अज्ञात चोर पार्किंग में खड़ी दोपहिया और चारपहिया गाड़ियों को निशाना बना रहे हैं। चोरी की यह पूरी घटना पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके फुटेज अब सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार घड़ी चौक की मल्टी लेवल पार्किंग में देर रात कुछ युवक बाइक और स्कूटी से पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के पास जाकर पेट्रोल निकालना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, कुछ वाहनों के छोटे-छोटे पार्ट्स भी चोरी किए जाने की बात सामने आई है।



बताया जा रहा है कि चोर बड़ी ही चालाकी से पार्किंग में प्रवेश करते हैं और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो जाते हैं। कई वाहन मालिकों ने सुबह अपनी गाड़ियों की स्थिति देखकर चोरी की आशंका जताई। इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो पूरी घटना सामने आ गई। सीसीटीवी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो से तीन युवक पार्किंग में घूमते हुए अलग-अलग वाहनों के पास जाते हैं और पेट्रोल निकालने के साथ ही कुछ पार्ट्स भी निकाल लेते हैं। वारदात के दौरान वे अपने साथ लाई बाइक और स्कूटी का इस्तेमाल करते हुए मौके से निकल जाते हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद वाहन मालिकों और आसपास के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख स्थानों में से एक घड़ी चौक की पार्किंग में इस तरह की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
Tags: