जमीन विवाद से तनाव, जहर सेवन के बाद व्यक्ति की मौत, एक आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-05-31 18:36 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा में जमीन और मकान खाली कराने को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। लगातार दबाव, गाली-गलौज, मारपीट और धमकियों से परेशान होकर जहर सेवन करने वाले एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार फरहदा बजरंग चौक निवासी परमेश्वरी पटेल ने 29 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका परिवार कई वर्षों से शासकीय भूमि पर बने मकान में रह रहा है। शिकायत में आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले बलराम यादव ने एक बुजुर्ग महिला के साथ मिलकर दावा किया कि जिस जमीन पर उनका मकान बना है, वह महिला की है और उन्हें मकान खाली करना होगा। आरोप है कि इस दौरान बलराम यादव ने घर में घुसकर गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर कनक पटेल ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 30 मई को उनकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा लंबे समय से मकान और जमीन खाली कराने को लेकर मृतक को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इसके बाद मामले में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा 108 बीएनएस जोड़ी गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सीपत थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने उसकी तलाश शुरू की और उसे गनियारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी बलराम यादव (39 वर्ष), निवासी फरहदा चौक को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Tags:    

Similar News