प्रेम प्रसंग में किशोर की संदिग्ध मौत, जंगल में मिली सड़ी-गली लाश

छग

Update: 2026-02-12 17:47 GMT
Settle. बसना। चौकी भंवरपुर थाना बसना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय लापता किशोर का शव पहाड़ी जंगल में सड़ी-गली अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राजा उर्फ उद्रेश वर्मा, निवासी ग्राम सर्वा थाना कसडोल जिला बलौदाबाजार के रूप में की गई है। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल के आसपास जुट गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, किशोर 29 जनवरी से लापता था। परिजनों द्वारा लगातार तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब 31 जनवरी 2026 को अपराध क्रमांक 55/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद से पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर किशोर की तलाश कर रही थी। गुरुवार को जमनीडीह के पास पहाड़ी जंगल में एक शव पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मर्ग पंचनामा कार्रवाई की और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण पहचान में प्रारंभिक कठिनाई आई, लेकिन परिजनों द्वारा कपड़ों और अन्य संकेतों के आधार पर मृतक की पुष्टि की गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, मृतक किशोर अपने दोस्तों के साथ अपनी कथित गर्लफ्रेंड से मिलने उसके गांव गया था। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोगों ने उसे वहां देख लिया था, जिसके बाद कथित रूप से उसका पीछा किया गया। उस दौरान किशोर अपने साथियों से अलग हो गया था।

सूत्रों का यह भी दावा है कि किशोर ने अपने दोस्तों को वहां से जाने के लिए कहा और स्वयं मौके से भागते हुए पास के जंगल-पहाड़ी की ओर चला गया। इसके बाद से वह अचानक लापता हो गया था। परिजनों को उम्मीद थी कि किशोर कहीं सुरक्षित होगा, लेकिन जंगल में शव मिलने की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्रारंभिक तौर पर मामले के सभी पहलुओं प्रेम प्रसंग, संभावित विवाद, दुर्घटना या अन्य किसी आपराधिक एंगल को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। वहीं, किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजन न्याय और सच्चाई सामने आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
Tags:    

Similar News