रेलवे की डिजिटल सेवाओं के उन्नयन के लिए यूटीएस प्रणाली में तकनीकी कार्य

छग

Update: 2026-06-09 16:14 GMT
Raipur. रायपुर। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सूचित किया है कि अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली (यूटीएस) में आवश्यक तकनीकी रखरखाव और कैशिंग (Caching) गतिविधि के चलते कुछ डिजिटल सेवाएं निर्धारित अवधि के लिए अस्थायी रूप से प्रभावित रहेंगी। यह तकनीकी कार्य रेलवे की डिजिटल सेवाओं को अधिक सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 9 और 10 जून 2026 की मध्यरात्रि के दौरान रात 11:50 बजे से 12:20 बजे तक तकनीकी रखरखाव का कार्य किया जाएगा। इस दौरान रेलवन यूटीएस एप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी। इसके अलावा सीपीएस के जरिए आर-वॉलेट रिचार्ज सेवा भी अस्थायी रूप से बंद रहेगी।

हालांकि रेलवे ने स्पष्ट किया है कि जिन यात्रियों के आर-वॉलेट में पहले से शेष राशि उपलब्ध है, वे उस बैलेंस का उपयोग कर टिकट बुकिंग कर सकेंगे। यानी केवल नए रिचार्ज और कुछ ऑनलाइन सेवाएं ही प्रभावित होंगी, जबकि उपलब्ध बैलेंस के माध्यम से टिकट लेने की सुविधा जारी रहेगी। रेल प्रशासन ने बताया कि तकनीकी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा और इसके समाप्त होते ही सभी सेवाएं तुरंत सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएंगी। इस रखरखाव का उद्देश्य यूटीएस प्रणाली की कार्यक्षमता बढ़ाना और यात्रियों को बेहतर डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए अपने टिकट बुकिंग और आर-वॉलेट रिचार्ज से संबंधित कार्य पहले ही पूरा कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विशेष रूप से उन यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, जिन्हें देर रात या तड़के यात्रा के लिए टिकट की आवश्यकता हो सकती है। रेल प्रशासन का कहना है कि डिजिटल आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण तकनीकी प्रक्रिया है। यात्रियों के सहयोग से इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकेगा और भविष्य में अधिक बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
Tags:    

Similar News