एक लाख की सागौन जब्त, बोलेरो के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Update: 2021-10-30 09:22 GMT

बिलासपुर। बेलतरा सर्किल की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने बोलेरो से एक लाख की सागौन गोले की तस्करी करते हुए दो आरोपितों समेत एक खरीदार को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई। वहीं बोलेरो को राजसात करने की प्रक्रिया चल रही है। बिलासपुर वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत को मुखबिर ने सूचना दी कि रात में एक बोलेरो से बड़ी मात्रा में सागौन की तस्करी होने वाली है।

इस पर उन्होंने उपवनमंडलाधिकारी सुनील कुमार बच्चन व बिलासपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी आलोक नाथ को निर्देश देकर अमले को सतर्क करने के लिए कहा। इसी के तहत सभी सर्किल में चौकसी बढ़ा दी गई। बेलतरा सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी वेदप्रकाश शर्मा टीम के साथ गश्त कर रहे थे। तभी लिम्हा की तरफ से एक सफेद रंग की बोलेरो बेलपारा बस्ती के अंदर घुसी। टीम को संदेह हुआ। इस पर उन्होंने बोलेरो का पीछा किया। बस्ती में पहुंचने के बाद जो नजारा सामने दिखा, उसे देखकर टीम हैरान रह गई। बोलेरो क्रमांक सीजी 13 यूसी 1715 का पीछे के हिस्से में सागौन के गोले रखे हुए थे। जिसे दो लोग बलराम कश्यप के घर के आंगन में रख रहे थे। पूरी सुरक्षा के साथ घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपितों को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ करने पर वाहन चालक ने अपना नाम कवल सिंह सोरठे पिता बलराम सिंह सोरठे निवासी लिम्हा व हरीश चंद्र सोरठे पिता मनभावन सिंह सोरठे निवासी लिम्हा बताया।

Tags:    

Similar News

-->