जेल में विचाराधीन बंदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप

छग

Update: 2026-06-13 15:55 GMT
Raigarh. रायगढ़। रायगढ़ जिले की जिला जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। मृतक की पहचान संजय बघेल के रूप में हुई है, जो ग्राम नवापारा का निवासी था। घटना के बाद परिजनों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। जानकारी के अनुसार, संजय बघेल को शराब से जुड़े एक मामले में कुछ दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने पुलिस एवं जेल प्रशासन पर मारपीट और लापरवाही का आरोप लगाया।

मृतक के पिता प्यारेलाल बघेल ने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले पुलिस ने संजय और उसके एक साथी को शराब बिक्री के मामले में पकड़ा था। आरोप है कि एक साथी को 40 हजार रुपये लेकर छोड़ दिया गया, जबकि संजय को जेल भेज दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि जेल में उसके साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ी और अंततः उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सरपंच नंदकुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और इस मौत पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि यह मामला गंभीर लापरवाही का प्रतीक है। यदि जेल के अंदर मौत हुई है तो वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने दोषी अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए और वहां विरोध प्रदर्शन करते हुए जांच की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल प्रशासन और जेल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। यह घटना जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है, वहीं क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Tags:    

Similar News