धार्मिक आधार पर सर्वे, सीएम ने कहा-भाजपा सांसदों की टिकट खतरे में

Update: 2022-04-23 06:14 GMT

रायपुर (जसेरि)। छत्तीसगढ़ में भाजपा के सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के बूथ स्तर पर पहुंचकर धार्मिक आधार पर सर्वे से पहले सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा के मतदान केंद्र समीक्षा पत्र में बूथ के धार्मिक समीकरण की जानकारी मांगी गई है। इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने निशाना साधा है। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कांग्रेस के आरोपों को यह कहकर खारिज कर दिया कि इसमें कोई गलत काम नहीं हो रहा है।

शुक्रवार को दुर्ग के दौरे पर रवाना होने से पहले हेलीपैड पर मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा संगठन ने विधायकों को पहले ही साफ कह दिया कि सबकी टिकट कटने जा रही है। अब सांसदों को निपटाने की तैयारी चल रही है, इसलिए ये काम उन्हें सौंपा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जैसे-तैसे सांसदों से पार्टी पीछा छुड़ाना चाह रही है, इसलिए ऐसा कर रहे हैं। यह भाजपा का छिपा हुआ एजेंडा है। नईदुनिया ने 'मिशन 2023 में जुटी भाजपा तलाश करेगी बूथ के धार्मिक समीकरण शीर्षक से खबर का प्रकाशन किया था।
देश में बुलडोजर को लेकर मचे विवाद के बीच मुख्यमंत्री बघेल ने कांग्रेस के इंडिया अंगेस्ट हेट हैशटेग अभियान का समर्थन किया। मुख्यमंत्री बघेल ने ट्वीट किया कि फूट डालो, राज करो की नीति उन्होंने अपने अंग्रेजी पुरखों से सीखी हैं। एकता सद्भाव की नीति हमने अपने देश निर्माता पूर्वजों से सीखी है। उन्होंने शाखाओं में लाठियां भांजना सीखा है। हमने लाठी लेकर दांडी मार्च करना सीखा है। उन्होंने उजाडऩा सीखा, हमने बसाना सीखा है। केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने राज्यपाल अनुसुईया उइके को ज्ञापन देकर आदिवासियों के विकास की योजनाओं का बजट बढ़ाने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल से मांग की गई है, केंद्र सरकार को केंद्रीय मंत्री की मांग पर ध्यान देना चाहिए।
आकांक्षी जिलों में दौरा करने आ रहे केंद्रीय मंत्रियों के विरोध और नितिन गडकरी के स्वागत के सवाल पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हमारी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। जो छत्तीसगढ़ को सौगात देगा, उसका स्वागत किया जाएगा। जो राज्य के हित पर कुठाराघात करेगा, उसका विरोध किया जाएगा। नितिन गडकरी ने नौ हजार करोड़ की सौगात दी। एक लाख करोड़ की योजना को पूरा करने का वादा किया, इसलिए उनका स्वागत किया गया।
पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढऩे को लेकर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि जिस तरह युद्ध का माहौल है, उसका असर हर सेक्टर पर पड़ रहा है। 70-80 फीसद दवाएं पेट्रोकेमिकल से बनती हैं। पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ेंगे तो दवाएं भी महंगी होंगी। राज्य सरकार ने जेनरिक दवाओं के स्टोर खोले हैं, जिससे आम जनता को कुछ समय में ही 17 करोड़ की राहत मिली है। जो डाक्टर जेनरिक दवाएं नहीं लिख रहे हैं, अगर उनकी शिकायत मिलती है, तो कार्रवाई की जाएगी।
सरकार भ्रम फैलाने के बजाय काम करने का प्रयास करे: सुनील सोनी
भाजपा सांसद सुनील सोनी ने प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार पर निशाना साधा है. केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी के दौरे को लेकर सांसद सुनील सोनी ने कहा कि हाईवे और सड़कों के शिलान्यास में सिर्फ मुख्यमंत्री की तस्वीर थी. केंद्रीय मंत्री की तस्वीर तक नहीं लगाई गई और ना ही मंत्री नीतिन गडकरी के स्वागत में सामान्य शिष्टाचार अपनाया गया.साथ ही यह भी कहा कि एयरपोर्ट पर कोई मंत्री रिसीव करने नहीं पहुंचा. भाजपा वोटर्स सर्वे और धार्मिक कॉलम को लेकर कहा कि भाजपा ने तय किया है कि सबसे कमजोर 100 बूथ चिन्हित किए जाएं. इन बूथों में लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं ये सुनिश्चित किया जाए.
वहीं धर्म के आधार पर सर्वे और कांग्रेस के आरोपों पर कहा कि जाति और धर्म के आधार पर सर्वे करने का मकसद यही है कि कितना लाभ मिला. इसकी जानकारी जुटाई जाएगी, हम चाहते हैं कि बाबा साहब की व्यवस्था पर काम हो, न्याय हो. आगे उन्होंने कहा कांग्रेस साम्प्रदायिकता के आरोप लगाकर छत्तीसगढ़ की फिजा को बिगाडऩे की कोशिश में है. साथ ही सीएम के सांसदों का टिकट काटे जाने के पर भी पलटवार करते हुए कहा कि, भाजपा में किसको-किसको टिकट मिलेगी, उसकी चिंता कांग्रेस ना करे. जैसी स्थिति कांग्रेस सरकार की है, चाहे वह जिसे भी टिकट दे ले उसका हारना तय है. कांग्रेस को लेकर उन्होंने यह भी कहा कि, अपराधियों को लगने लगा है कि ये उनकी सरकार है. आगे उन्होंने एथेनॉल में अनुमति के पेंच और सरकारी योजनाएं लागू करने को लेकर कहा कि, प्रदेश में एथेनॉल को लेकर कोई काम नहीं हुआ है।

राज्य सरकार इस पर भ्रम फैला रही है. केंद्र से अनुमति को लेकर नीतिन गडकरी से मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत बातचीत भी हुई है. सरकार भ्रम फैलाने के बजाय काम करने का प्रयास करे. हम छत्तीसगढ़ में योजनाएं लाने के लिए सांसद बने हैं, रोकने के लिए नहीं.


Tags:    

Similar News

-->