Raipur. रायपुर। नशीली सिरप और कैप्सूल की अवैध सप्लाई से जुड़े मामले में रायपुर पुलिस ने बैकवर्ड लिंक के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक और अंतर्राज्यीय आरोपी को उत्तर प्रदेश के जौनपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय ऋषभ सोनकर के रूप में हुई है। इस प्रकरण में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क की एंड-टू-एंड विवेचना करते हुए इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई है। मामला थाना डी.डी. नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 452/2026 का है, जिसमें धारा 22(बी), 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गढ़ही तालाब के पास पकड़े गए थे दो आरोपी
पुलिस के मुताबिक 27 जुलाई 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त टीम ने रायपुरा स्थित गढ़ही तालाब के पास कार्रवाई की थी। इस दौरान छन्नू वर्मा और राहुल देव सारवा को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के कब्जे से 52 नग CODISTAR & NF सिरप, जिसमें Codeine Phosphate और Triprolidine Hydrochloride शामिल है, तथा 75 नग SPASMO & PROXYVON PLUS कैप्सूल, जिसमें Tramadol Hydrochloride होने की जानकारी दी गई है, जब्त किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने केवल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखते हुए नशीली दवाओं के पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच करने के निर्देश दिए।
पूछताछ में सामने आया जौनपुर का कनेक्शन
गिरफ्तार आरोपियों से प्रतिबंधित नशीली दवाओं के स्रोत, सप्लायर और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उक्त नशीली दवाएं उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी ऋषभ सोनकर से प्राप्त करने की जानकारी दी। इस जानकारी के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों से मिली सूचनाओं को खंगालना शुरू किया। जांच में मिले महत्वपूर्ण इनपुट के आधार पर पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश में जौनपुर, उत्तर प्रदेश रवाना की गई।
लगातार पतासाजी के बाद आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने जौनपुर पहुंचकर स्थानीय स्तर पर आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई। लगातार पतासाजी और सूचना संकलन के बाद टीम ने ऋषभ सोनकर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ऋषभ सोनकर पिता रोहित कुमार सोनकर, उम्र 23 वर्ष, न्यू कॉलोनी हुसैन बाग, थाना लाइन बाजार, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। आरोपी के कब्जे से प्रकरण से संबंधित एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस अब मोबाइल फोन और आरोपी से मिली अन्य जानकारियों के आधार पर नेटवर्क की अगली कड़ियों का पता लगा रही है।
सप्लाई चैन की अन्य कड़ियों की तलाश
पुलिस की जांच का मुख्य फोकस अब यह पता लगाने पर है कि नशीली दवाओं की सप्लाई श्रृंखला में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी से अन्य संभावित सप्लायरों और नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। इस मामले में पहले गिरफ्तार छन्नू वर्मा और राहुल देव सारवा से मिली जानकारी को भी नए तथ्यों और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मिलाकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की एंड-टू-एंड विवेचना लगातार जारी है। सप्लाई चैन में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस नशीली सिरप और कैप्सूल की सप्लाई के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
Tags: