Raipur रायपुर। कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव के तहत सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी आलाकमान की ओर से जारी सूची में कई राज्यों के प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सुखदेव भगत अब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों और पार्टी के कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब पार्टी आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए संगठन को मजबूत करने में जुटी है।
इससे पहले छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पंजाब कांग्रेस के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। कांग्रेस ने अब उन्हें पंजाब से हटाकर असम का महासचिव प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, पंजाब की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता सचिन पायलट को सौंपी गई है। कांग्रेस के इस संगठनात्मक बदलाव को पार्टी की नई रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। पंजाब में लगातार चल रही अंदरूनी खींचतान और संगठनात्मक चुनौतियों के बीच पार्टी ने नए चेहरे को जिम्मेदारी दी है।
सुखदेव भगत झारखंड की राजनीति का एक प्रमुख नाम हैं। वह एक बार सांसद और दो बार विधायक रह चुके हैं। सुखदेव भगत वर्ष 2019 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए थे। इससे पहले वर्ष 2013 में उन्हें झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया था। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल रहे हैं। सुखदेव भगत ने वर्ष 2005 से 2010 तक और 2015 से 2019 तक विधायक के रूप में कार्य किया। इसके बाद वर्ष 2021 में वे कांग्रेस में वापस शामिल हुए, अब उन्हें छत्तीसगढ़ कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।



 

सुखदेव भगत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वह पहले भी संगठन से जुड़ी कई जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। अब छत्तीसगढ़ में उनके सामने पार्टी संगठन को मजबूत करने और नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की चुनौती होगी।
कांग्रेस ने इसके अलावा कई अन्य राज्यों के लिए भी नए प्रभारी नियुक्त किए हैं। रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का महासचिव प्रभारी बनाया गया है और उन्हें कर्नाटक की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि सभी नियुक्तियां कांग्रेस अध्यक्ष के अनुमोदन के बाद तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। छत्तीसगढ़ में सुखदेव भगत की नियुक्ति के बाद प्रदेश कांग्रेस में नई राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
Tags: