कांकेर: कांकेर में सर्चिंग पर निकले सुरक्षाबलों के जवानों ने नक्सल डंप बरामद किया है। उत्तर बस्तर के माचपल्ली के जंगलों में पुलिस और BSF की संयुक्त टीम को हथियार, भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य नक्सल सामग्री मिली है। बरामद IED और विस्फोटकों को BDS की टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
मामला छोटेबेठिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह पुलिस और BSF की संयुक्त टीम छोटेबेठिया के जुराहान मेहड़ा और माचपल्ली के जंगलों में सर्चिंग पर निकली थी। इस दौरान जवानों ने नक्सल डंप से हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की।
कांकेर पुलिस, BSF और BDS की संयुक्त टीम ने डंप से 2 भरमार बंदूक, करीब 2 किलो का 1 पैकेट IED, 24 BGL सेल, 1 वायरलेस सेट, 4 पाउच, 1 GPS, 14 पटाखे, 1 फोटो कार्ट्रिज, दवाइयां, नक्सल साहित्य और अन्य सामग्री बरामद की।
बरामद IED और अन्य विस्फोटक पदार्थों को BDS की टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। कांकेर पुलिस नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान चला रही है। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सर्चिंग अभियान जारी रखने की बात कही है।