Mungeli. मुंगेली। जिले के बरेला नगर पंचायत स्थित माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल में मटका फोड़ कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सातवीं कक्षा का छात्र वैभव जायसवाल स्कूल परिसर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में छात्र के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां निजी अस्पताल में उसका उपचार जारी है। छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना 3 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। स्कूल परिसर में मटका फोड़ कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी और विद्यार्थी भी कार्यक्रम के लिए मौजूद थे। इसी दौरान वैभव हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। अचानक हुए हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
घटना के बाद छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि स्कूल परिसर में हाईटेंशन विद्युत तार जैसी संवेदनशील और खतरनाक स्थिति होने के बावजूद कार्यक्रम आयोजित करते समय विद्यार्थियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। उनका कहना है कि सुरक्षा को लेकर बरती गई लापरवाही के कारण छात्र की जान खतरे में पड़ गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी विमित्रा धृतलहरे स्कूल पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली। विभाग ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और हादसे के लिए किस स्तर पर लापरवाही हुई।
स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस
जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे के अनुसार विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल के संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस में विद्यालय परिसर में असुरक्षित तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने और हाईटेंशन तार के आसपास विद्यार्थियों की मौजूदगी को सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी बताया गया है। शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन से पूछा है कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक किस स्तर पर हुई और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है।
इसके साथ ही घायल छात्र के इलाज के लिए स्कूल प्रबंधन की ओर से दी जा रही सहायता और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए किए जा रहे तत्काल एवं स्थायी सुरक्षा उपायों की जानकारी भी मांगी गई है। स्कूल प्रबंधन को नोटिस मिलने के 24 घंटे के भीतर विस्तृत जवाब और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। बीईओ विमित्रा धृतलहरे ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से कारण बताओ नोटिस का जवाब दे दिया गया है। जवाब के संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मान्यता रद्द करने तक की चेतावनी
शिक्षा विभाग ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की जा सकती है। इसमें विद्यालय की मान्यता रद्द करने के साथ प्रबंधन के खिलाफ वैधानिक दंडात्मक अथवा पुलिस कार्रवाई के लिए उच्च कार्यालय को प्रस्ताव भेजना भी शामिल है। इस बीच जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे और बीईओ विमित्रा धृतलहरे ने बिलासपुर के निजी अस्पताल पहुंचकर घायल छात्र का हाल जाना। अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर उपचार की जानकारी ली। फिलहाल शिक्षा विभाग स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदारी तय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags: