रायपुर नॉर्थ जोन में चाकूबाजी पर सख्ती, चाकू के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
छग
Raipur. रायपुर। कमिश्नरेट पुलिस के नॉर्थ जोन क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खमतराई थाना पुलिस ने धारदार चाकू के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम, सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार संदिग्ध व्यक्तियों, गुण्डा-बदमाशों और चाकूबाजों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 19 फरवरी 2026 को खमतराई थाना पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर तीन व्यक्तियों द्वारा धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना प्राप्त हुई।
पहली घटना में पुलिस को सूचना मिली कि भनपुरी स्थित अरोरा धर्मकाटा के पास एक युवक हाथ में लोहे का धारदार चाकू लेकर हवा में लहरा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आयुष ठाकुर (19 वर्ष), निवासी धनलक्ष्मी नगर भनपुरी, बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध खमतराई थाना में अपराध क्रमांक 109/2026 धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इसी प्रकार दूसरी सूचना डब्ल्यूआरएस कॉलोनी खमतराई दशहरा मैदान के पास एक व्यक्ति द्वारा चाकू लहराने को लेकर प्राप्त हुई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रोशन सिंह (27 वर्ष), निवासी बुनियाद नगर भनपुरी, को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भी एक धारदार चाकू जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 110/2026 धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
तीसरी घटना में पुलिस को कोल्हान नाला के पास मेटल पार्क रावांभाठा क्षेत्र में एक युवक द्वारा चाकू लहराने की सूचना मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुलदीप सिंग (18 वर्ष), निवासी ग्राम सांकरा थाना धरसीवां, को गिरफ्तार कर उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 111/2026 धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आयुष ठाकुर और रोशन सिंह पूर्व में भी आर्म्स एक्ट एवं अन्य आपराधिक प्रकरणों में जेल जा चुके हैं। वहीं कुलदीप सिंग के विरुद्ध भी मारपीट एवं आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज रहे हैं। कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के प्रदर्शन और आमजन में भय का माहौल बनाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकें।