Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में डायरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा "स्टॉप डायरिया कैम्पेन" के अंतर्गत जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला सक्ति के ग्राम बासीन और असौंदा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम बासीन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को डायरिया से बचाव के उपाय बताए गए। स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए सही तरीके से हाथ धोने की विधि का प्रदर्शन किया गया। स्वास्थ्य अमले ने बताया कि दूषित जल, गंदगी और अस्वच्छ खानपान से डायरिया फैलता है। इसके लिए लोगों को हमेशा उबला या फिल्टर किया गया पानी पीने, खुले में शौच न करने और भोजन को ढककर रखने की सलाह दी गई।


वहीं, ग्राम असौंदा के शासकीय विद्यालय में स्कूली बच्चों को डायरिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बच्चों को आसान भाषा में बताया गया कि कैसे थोड़ी सी लापरवाही गंभीर बीमारी का कारण बन सकती है। इस दौरान बच्चों को साबुन से हाथ धोने की सही प्रक्रिया सिखाई गई और हाथ धोने के पांच स्टेप्स (हथेली, ऊंगलियां, नाखून, अंगूठा, कलाई) को विस्तार से समझाया गया। स्वास्थ्य कर्मियों और शिक्षकों ने मिलकर बच्चों से शपथ भी दिलवाई कि वे नियमित हाथ धोने की आदत अपनाएंगे और अपने परिवार व दोस्तों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों और बच्चों के बीच हैंडवॉश किट, पोस्टर, और डायरिया बचाव संबंधित पंफलेट वितरित किए गए। "स्टॉप डायरिया कैम्पेन" के तहत इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार अलग-अलग गांवों में आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जनसामान्य को बीमारी के प्रति सजग और सतर्क बनाया जा सके।
Tags: