भारी बारिश से स्टॉप डेम बहा, कई गांवों का संपर्क टूटा, रास्ता बहाली में जुटा प्रशासन

छग

Update: 2025-07-26 17:08 GMT
Raigarh. रायगढ़। जिले में लगातार तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया है। घरघोड़ा तहसील के ग्राम फगुरम के करीछापार में बना स्टॉप डेम बारिश के कारण तेज बहाव में बह गया, जिससे कई गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। इस स्थिति से ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के चलते पानी का दबाव बढ़ा और स्टॉप डेम टूट गया। इसके चलते करीछापार समेत आसपास के गांवों को जोड़ने वाला मुख्य
मार्ग
बाधित हो गया है। ग्रामीणों को अब वैकल्पिक मार्गों से होकर करीब 5 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें आधे घंटे से ज्यादा समय लग रहा है। इसी तरह, घरघोड़ा जनपद पंचायत अंतर्गत कुडूमकेला से पुरी जाने वाला मार्ग भी पानी के बहाव में क्षतिग्रस्त हो गया है।


सड़क के कटने के कारण आवागमन पूरी तरह से ठप पड़ गया है। यह स्थिति न सिर्फ लोगों की दैनिक दिनचर्या को प्रभावित कर रही है बल्कि स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। घरघोड़ा तहसीलदार मनोज कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सहोदर पैंकरा, जनपद पंचायत के सीईओ विनय चौधरी और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रास्ता बहाल करने के लिए तत्परता से कार्य शुरू कर दिया गया है। विभागीय अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द से जल्द संपर्क मार्गों को फिर से चालू करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे फिलहाल सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें और बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। क्षेत्र में जलभराव और संपर्क टूटने की अन्य घटनाओं को भी गंभीरता से लिया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
Tags:    

Similar News