Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए राज्य प्रशासनिक सेवा के 7 अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरित करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक अस्थाई रूप से नवीन पदस्थापना वाले स्थानों पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को विभिन्न विभागों और जिलों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस फेरबदल में जिला पंचायतों, मंत्रालय और महत्वपूर्ण निगमों में पदस्थ अधिकारियों को बदला गया है।

उज्ज्वल पोरवाल बने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला पंचायत CEO
आदेश के अनुसार उज्ज्वल पोरवाल को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी बनाया गया है। इससे पहले वे छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड, नवा रायपुर में महाप्रबंधक (प्रशासन) के पद पर पदस्थ थे। इसके साथ ही उनके पास छत्तीसगढ़ राज्य विपणन संघ (मार्कफेड) का अतिरिक्त प्रभार भी था।

अभिषेक कुमार गुप्ता को मंत्रालय में जिम्मेदारी
अभिषेक कुमार गुप्ता, जो अब तक जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी थे, उन्हें मंत्रालय में उप सचिव, पर्यटन विभाग बनाया गया है। उन्हें संस्कृति विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।



विनय अग्रवाल को नारायणपुर जिला पंचायत की जिम्मेदारी
विनय कुमार अग्रवाल को जिला पंचायत नारायणपुर का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। इससे पहले वे जिला पंचायत सरगुजा (अंबिकापुर) में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।

डॉ. श्वेत वर्मा को अतिरिक्त जिम्मेदारी
डॉ. श्वेत वर्मा को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव के पद पर बनाए रखते हुए अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) का परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है। वे सामान्य प्रशासन विभाग के कक्ष-6 एवं 7 का कार्य भी संभालते रहेंगे।

हेमंत कुमार मटियाल बने महाप्रबंधक
हेमंत कुमार मटियाल को छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड, नवा रायपुर में महाप्रबंधक (प्रशासन) बनाया गया है। इससे पहले वे छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (नान) में सहायक महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।

नयनतारा सिंह तोमर और मनीष मिश्रा को नई जिम्मेदारी
नयनतारा सिंह तोमर को चिकित्सा शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर के अपर संचालक पद से स्थानांतरित कर सूरजपुर जिले का अपर कलेक्टर बनाया गया है। वहीं मनीष मिश्रा, जो रायपुर के अपर कलेक्टर थे, उन्हें मंत्रालय नवा रायपुर में उप सचिव पदस्थ किया गया है।

प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद
राज्य सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कामकाज में बेहतर समन्वय और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। नई पदस्थापना के बाद अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी प्रशासन और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की उम्मीद की गई है।
Tags: