पारस नगर में चाकूबाजी, पिता-पुत्र ने परिवार पर किया हमला

छग

Update: 2026-05-26 18:22 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में गंज थाना क्षेत्र के पारस नगर इलाके में चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई है। घर के सामने नशा करने से मना करने पर पिता-पुत्र ने मिलकर एक परिवार पर हमला कर दिया। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, पारस नगर निवासी अरुण साहू ने अपने घर के सामने नशा कर रहे साहिल खान को रोकने की कोशिश की थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और स्थिति हिंसक हो गई। आरोप है कि साहिल खान और उसके पिता इस्माइल ने चाकू निकालकर परिवार पर हमला कर दिया।

हमले में अरुण साहू, उनकी पत्नी रजनी साहू और बेटा अनुज साहू घायल हो गए। इनमें अरुण साहू और उनके बेटे अनुज की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस, एसीपी कोतवाली सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों साहिल खान और उसके पिता इस्माइल को हिरासत में ले लिया है।

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में नशे के दौरान हुए विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
Tags:    

Similar News