हर महीने 3 लाख मुनाफे का लालच देकर युवक से 1.53 करोड़ की ठगी, एसटी ज्वेलर्स के मालिक गिरफ्तार

छग

Update: 2025-08-24 18:23 GMT
Rajnandgaon. राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक युवक को बिजनेस में पैसे लगाने पर हर महीने ढाई से तीन लाख रुपए मुनाफा देने का लालच दिया गया। भरोसा कर युवक ने डेढ़ करोड़ से ज्यादा की रकम निवेश कर दी। लेकिन वादे के मुताबिक न तो मुनाफा मिला और न ही रकम वापस। आखिरकार जब ठगी का अहसास हुआ तो पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कैसे हुई ठगी की शुरुआत
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक इंद्रजीत सिंह अनुपम नगर का निवासी है। वर्ष 2015 में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात कनाडा में संदीप सिंह नामक युवक से हुई थी। दोनों में दोस्ती हो गई और पढ़ाई खत्म कर जब वे राजनांदगांव लौटे तो संदीप ने इंद्रजीत की मुलाकात अपने पिता सुरेंद्र सिंह से कराई। सुरेंद्र सिंह एसटी ज्वेलर्स के मालिक हैं। उन्होंने इंद्रजीत को पार्टनरशिप का ऑफर देते हुए हर महीने ढाई से तीन लाख रुपए तक मुनाफा देने का भरोसा दिलाया। सुरेंद्र के वादों और व्यापारिक प्रतिष्ठा को देखते हुए इंद्रजीत ने विश्वास कर लिया और अपनी मां के बैंक खातों से धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश करना शुरू कर दिया।
डेढ़ करोड़ रुपए का निवेश
इंद्रजीत सिंह ने 6 सितंबर 2021 से 30 अक्टूबर 2023 तक अलग-अलग खातों में कुल 1 करोड़ 53 लाख 60 हजार 67 रुपए ट्रांसफर किए। उसे उम्मीद थी कि तय समय पर हर महीने लाखों का मुनाफा मिलेगा। लेकिन आरोपियों ने वादा निभाने के बजाय रकम हड़प ली। जब भी इंद्रजीत मुनाफे की मांग करता, तो आरोपी उसे टालते रहते और कहते कि कुछ दिनों में पैसा मिल जाएगा।
पुलिस से की शिकायत
लगातार इंतजार और धोखे का अहसास होने पर आखिरकार इंद्रजीत ने 22 अगस्त को बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस जांच में पाया गया कि आरोपी सुरेंद्र सिंह ने सुनियोजित तरीके से युवक को झांसे में लिया और करोड़ों की ठगी की। रविवार को
पुलिस
ने हरिओम नगर से 57 वर्षीय सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। सीएसपी पुष्पेंद्र नायक ने बताया कि इस मामले में केवल सुरेंद्र ही नहीं बल्कि अन्य लोग भी शामिल हैं। बसंतपुर थाना पुलिस ने कुल 6 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे।
Tags:    

Similar News